लखनऊ (ब्यूरो)। एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने घर से निकली महिला गंभीर हालत में बुधवार सुबह आलमबाग की फतेहअली मस्जिद के पास पुलिया के नीचे मिली। लहूलुहान हालत में बेहोश महिला के मिलने पर इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए लोकबंधु अस्पातल में भर्ती कराया। महिला की हालत उसके साथ हुई बर्बरता की कहानी खुद बयां कर रही थी। वहीं, रात भर उसकी तलाश में भटक रहे परिजनों को पुलिस ने सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची मां की शिकायत पर आलमबाग पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी।

पिटाई के बाद फेंक कर हुए फरार

इंस्पेक्टर आलमबाग ब्रजेश कुमार यादव के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6 बजे थाना क्षेत्र स्थित फतेहअली मस्जिद के निकट पुलिया के नीचे एक 25 वर्षीय महिला गंभीर चोटिल हालत में मिली। महिला को हमलावर गंभीर चोटिल अवस्था में छोड़ फरार हो गए थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को कंट्रोल नंबर पर सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए नजदीकी लोकबंधु अस्पताल भिजवाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने महिला को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया। पीडि़ता की मां की शिकायत पर मारपीट, छेड़छाड़ व धमकी समेत अन्य कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

बर्थडे पार्टी में जाने के लिए निकली

मदेयगंज निवासी घायल महिला की मां के मुताबिक, उनकी बेटी व दामाद उनके साथ ही रहते हैं। वह एक निजी अस्पताल में सफाई कर्मचारी हैं। मंगलवार शाम करीब 8 बजे उनकी बेटी अपने दोस्त के घर बर्थडे पार्टी में जाने की बात कह घर से निकली थी। पूरी रात वह वापस नहीं लौटी, जिसकी वे तलाश कर रहे थे। तभी आलमबाग पुलिस से बेटी के बारे में जानकारी मिली।

महिला के साथ जमकर की गई बर्बरता

पुलिस के मुताबिक, पीडि़त महिला के बाएं हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं। उसके हाथ में कुल 11 टांके लगे हैं। चेहरे के दोनों ओर चोटेें आई हैं। जबड़े में चोट आई है। घायल की मां की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। घायल अभी बोलने की स्थिति में नहीं है इसलिए उसका बयान नहीं हो सका है। डॉक्टरों से अनुमति लेकर जल्द ही पीडि़ता का बयान दर्ज कर लिया जाएगा, उसके आधार पर धाराओं की बढ़ोत्तरी की जाएगी।