लखनऊ (ब्यूरो)। अब अगर आप पॉलीटेक्निक से मुंशी पुलिया जाएंगे तो आपको घूमकर नहीं जाना पड़ेगा। इसकी वजह यह है कि पॉलीटेक्निक से मुंशी पुलिया जाने वाली सर्विस लेन को खोल दिया गया है। जिससे करीब इस रूट से गुजरने वाले एक लाख से अधिक लोगों को बड़ी राहत मिली है। वहीं दूसरी तरफ, इस रूट पर बन रहा फ्लाईओवर भी लगभग बनकर तैयार है और पूरी संभावना है कि इस महीने के आखिरी में इससे लोग गुजर भी सकेंगे।

कलेवा के पास अंडरपास

पॉलीटेक्निक से मुंशी पुलिया तक बन रहे फ्लाईओवर में पहले कलेवा के पास अंडरपास को लेकर संशय बरकरार था। पहले यह तय हुआ था कि यहां पर अंडरपास नहीं दिया जाएगा लेकिन अब यहां पर अंडरपास दिया गया है। जिसकी वजह से एक सर्विस लेन से दूसरी सर्विस लेन पर जाना लोगों के लिए बेहद आसान हो गया है। अगर यहां पर अंडरपास नहीं दिया जाता तो कलेवा से पॉलीटेक्निक की तरफ जाने वाले लोगों को मुंशी पुलिया से घूमकर दूसरी सर्विस लेन पर जाकर पॉलीटेक्निक की तरफ जाना पड़ता। ऐसे में लोगों को समय भी खासा खर्च होता। अंडरपास दिए जाने से कलेवा तिराहे से गुजरने वाले हजारों लोगों को राहत मिली है।

अभी यहां चल रहा काम

मुंशी पुलिया चौराहे को भी डेवलप किया जाना है। यहां से गुजरने वाले लोगों को हैवी ट्रैफिक लोड की वजह से दिक्कतें होती हैैं। दरअसल, चौराहे का डेवलपमेंट न होने की वजह से अभी इस चौराहे पर चार से अधिक रूटों से आने वाला ट्रैफिक एक साथ मिलता है। इसकी वजह से लोगों को दूसरे रूट पर टर्न करने में समस्या आती है। जब ये चौराहा डेवलप हो जाएगा तो सिस्टमैटिक तरीके से लोग एक रूट से दूसरे रूट पर मुड़कर जा सकेंगे।

यहां की भी सर्विस लेन खुली

पॉलीटेक्निक से मुंशी पुलिया तक बन रहे फ्लाईओवर की बात करें तो मुंशी पुलिया से सेक्टर 25 इंदिरानगर की तरफ जाने वाली सर्विस लेन (दोनों साइड) को खोल दिया गया है। जिससे मुंशी पुलिया से सेक्टर 25, इंदिरानगर की तरफ जाने वाले लोगों को खासी राहत मिली है। हालांकि, अभी दोनों तरफ सर्विस लेन फिनिशिंग का कार्य बाकी है। इसके साथ ही सर्विस लेन के आसपास डेवलपमेंट को लेकर भी तैयारी तेज कर दी गई है।

ये भी फ्लाईओवर तैयार

अब सेक्टर 25 से जगरानी अस्पताल तक बन रहे फ्लाईओवर की बात की जाए तो ये फ्लाईओवर भी लगभग बनकर तैयार है। इस पर रफ्तार भरने में एक से डेढ़ महीने का समय लग सकता है। अभी सेक्टर 25 से खुर्रमनगर तक फ्लाईओवर लगभग तैयार हो गया है और जगरानी अस्पताल के पास काम चल रहा है। यहां पर सर्विस लेन डेवलपमेंट कराया जा रहा है। हालांकि, अब पहले के मुताबिक इस सर्विस लेन पर जाम की समस्या कम रहती है। जिससे यहां से गुजरने वाले 50 हजार से अधिक लोगों को राहत मिली है।

मुंशी पुलिया फ्लाईओवर एक नजर में

1800 मीटर लंबा है फ्लाईओवर

128 करोड़ प्रोजेक्ट कॉस्ट

1 लाख लोगों को मिलेगी राहत

सेक्टर 25 फ्लाईओवर एक नजर में

134 करोड़ है प्रोजेक्ट की लागत

2.5 किमी करीब फ्लाईओवर की लंबाई

50 हजार लोगों को मिलेगी सीधी राहत

इसके चौड़ीकरण की जरूरत

अब पॉलीटेक्निक से मुंशी पुलिया की तरफ जाने वाली सर्विस लेन की बात करें तो पॉलीटेक्निक से करीब 200 मीटर तक सर्विस लेन का चौड़ीकरण किए जाने की जरूरत है। दरअसल, अब यह समस्या सामने आ रही है कि पॉलीटेक्निक के ऊपर बने फ्लाईओवर का लोड सीधे भूतनाथ की तरफ मुड़ने वाले प्वाइंट पर आ रहा है। ऐसे में सर्विस लेन चौड़ीकरण कराए जाने की जरूरत है।