लखनऊ (ब्यूरो)। लोहड़ी का पर्व मकर संक्रांति के एक दिन पहले मनाया जाता है। यह पर्व खासतौर पर हरियाणा और पंजाब में बेहद धूमधाम से मनाया जाता है। इस दिन समाज के लोग लकड़ी जलाकर अग्नि के चारों ओर चक्कर काटकर नाचते-गाते हैं। साथ ही इस दिन रेवड़ी, खील, गजक, मूंगफली और मक्का आदि खाने का विशेष महत्व है। लोहड़ी को लेकर लखनऊ के गुरुद्वारों और घरों में विशेष तैयारी की जा रही है।

इनका विशेष महत्व

लोहड़ी को पौष महीने की आखिरी रात को मनाया जाता है। इसके अगले दिन माघ महीने की संक्रांति को माघी के तौर पर मनाया जाता है। इस दिन विशेष पकवान भी बनते हैं। लकड़ी की अग्नि जलाकर लोग उसमें मूंगफली और मक्का के दाने डालते है, पकने पर उन्हें बांट कर खाया जाता है। इसके अलावा गजक, रेवड़ी, मूंगफली, तिड़-गुड़ के लड्डू, मक्के की रोटी और सरसों का साग खासतौर पर बनाया जाता है।

पहली लोहड़ी विशेष होती है

पंजाबियों के लिए लोहड़ी विशेष पर्व होता है। खासतौर पर शादी के बाद की पहली लोहड़ी और बच्चा होने के बाद की पहली लोहड़ी का विशेष महत्व होता है। इस दिन लोग खासतौर पर तैयार होकर इस पर्व को मनाते हैं।

मार्केट में खरीदारी तेज

लोहड़ी को लेकर मार्केट में खरीदारी तेज हो गई है। खासतौर पर अमीनाबाद, गणेशगंज आदि मार्केट में दुकाने सज गई हैं। गणेशगंज में दुकानदार आलोक सिंह ने बताया कि तिल के लड्डू 300 रुपये किलो, पॉपकार्न का पैकेट 50 रुपये से शुरू है, मूंगफली 150 रुपये किलो है, गजक 120 रुपये का पैकेट है, सफेद तिल 250 रुपये से और रेवड़ी 100 रुपये पैकेट मिल रही है। बीते साल के मुकाबले दामों में 10 पर्सेंट से अधिक दाम बढ़े है।

पहली लोहड़ी

बेटा जेविन होनेे के बाद यह हम दोनों के लिए पहली लोहड़ी है। सभी इसे लेकर काफी उत्साहित हैं। फैमिली और फ्रेंड्स को इस खुशी के पर्व पर बुलाया है। लोहड़ी मनाने के बाद हम सब साथ बैठकर खाना खाएंगे। इस दिन मूंगफली, रेवड़ी, सरसों का साग व मक्के की रोटी खाने का अलग ही आनंद होता है।

भवदीप सिंह सेठी और मनप्रीत कौर

शादी के बाद हम दोनों की यह पहली लोहड़ी है। हम परिवार के साथ एक छोटी पार्टी करते हुए इस पर्व को मना रहे हैं। लोग कम होंगे, लेकिन लोहड़ी की रौनक और उत्साह पहले की तरह ही बरकरार रहेगा।

आशीष और अदिति शर्मा

लोहड़ी का पर्व हम लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है। इसको लेकर खास तैयारी हो रही है। सुबह गुरुद्वारा मत्था टेकने जायेंगे। इसके बाद रात को घर के बाहर लकड़ी जलाकर लोहड़ी मनाई जायेगी। इसके लिए मक्के के दाने, मूंगफली और गजक के साथ सरसों का साग आदि खास तैयार किया जायेगा।

हरप्रीत सिंह और मनप्रीत कौर