मेरठ (ब्यूरो)। जिला विधिक प्राधिकरण मेरठ द्वारा बड़ा महादेव मंदिर में महिला सशक्तिकरण व संविधान व मौलिक अधिकार व उपचार पर कार्यक्रम किया गया। इस अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मेरठ विनोद शर्मा द्वारा महिला सशक्तिकरण, संविधान व मौलिक अधिकारों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर अध्यक्षता कर रहे जिला न्यायधीश अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रजत सिंह जैन ने महिला सशक्तिकरण विषय पर विस्तृत रूप से अवगत कराया।

समान अधिकार दिए गए
उन्होनें कहा भारतीय संविधान द्वारा महिलाओं व पुरूषों को समान अधिकार प्रदान किए गए, लेकिन फिर भी समाज में लड़का व लड़की के अंतर समझा जाता है। हम सभी को इस अंतर को समाप्त करना होगा।

विधिक सहायता की दी जानकारी
इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायधीश मेरठ ब्रजेश मणि त्रिपाठी ने महिलाओं को शिक्षा का अधिकार विषय पर विस्तृत से जानकारी दी। वहीं विशेष न्यायधीश पॉक्सो अधिनियम मेरठ रामकिशोर पांडे ने जनता को यौन शोषण व पॉक्सो अधिनियम के बारे में विस्तृत से जानकारी दी। उन्होंने कहा वर्तमान समय में समाज में यौन शोषण के अपराध बढ़ते जा रहे हैं। यह सब समाज में अज्ञानता व गलत मानसिक विचारधारा के कारण बढ़ रहे हैं। वहीं अपर जिला एवं सत्र न्यायधीश मेरठ संदीप चौहान ने महिला सशक्तिकरण व घरेलू हिंसा के बारे में जानकारी दी।

मौलिक अधिकारों की जानकारी दी
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक क्षेत्र में महिलाओं को पुरूषों के समान स्थान प्रदान किया गया है, इसलिए हम सभी को महिलाओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। वहीं न्याय मजिस्टे्रट मेरठ जयवीर सिंह ने संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों पर जानकारी दी। वरिष्ठ अधिवक्ता आदेश शर्मा ने भी विधिक सेवा अधिनियम पर जानकारी दी। इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायधीश राकेश सिंह, भावना गुप्ता, रामकरण यादव, मुख्य न्यायिक मजिस्टे्रट विनय कुमार, अपर सिविल जज शैलेष पांडेय आदि मौजूद रहे।