मेरठ (ब्यूरो)। सारथी सोशल वेलफेयर सोसाइटी की ओर से कंकरखेड़ा में पृथ्वी संरक्षण जागरुकता कार्यक्रम किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष कल्पना पांडे ने कालोनी के लोगों को धरती को बचाने के लिए जागरुक किया। उन्होंने बताया कि धरती को बचाने में हमारा बहुत बड़ा योगदान रहा है। कल्पना ने कहा अगर हम अपने घरों के आसपास पेड़ पौधे लगाएं और उनकी सुरक्षा करें तो बहुत बड़ी भूमिका पृथ्वी को बचाने में निभा पाएंगे।

पर्यावरण संरक्षण करें
कल्पना ने कहा कि हम सभी को पर्यावरण को संरक्षित व संवर्धित करने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करना चाहिए। इससे ग्लोबल वार्मिंग जैसी वैश्विक समस्या से निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि आप सभी एक -एक पौधे को गोद लें। उनकी देखभाल करें। अपने बच्चों की तरह पौधों की भी रक्षा करें तो देखे आपको यह पौधे बदले में कितना लाभ देंगे। उन्होंने कहा पेड़ पौधों से हमे फल, सब्जियां, फूल और प्रकृति की खूबसूरती व पृथ्वी का बचाव और हमारा स्वास्थ्य सभी मिलता है। तो हमारे जरा सी देखरेख के बदले अगर इतना लाभ मिल रहा है तो वो कार्य हमें सबसे पहले करना चाहिए। इस अवसर पर दिव्यांश ने अपनी कविताओं के माध्यम से लोगों को पृथ्वी बचाने का संदेश दिया है।

पृथ्वी बचाने का संदेश
इस मौके पर सभी सदस्यों ने एक से एक स्लोगन लिखे हुए थे। जिनसे पृथ्वी बचाने का संदेश आमजन तक जा रहा था। इसके साथ ही वहां मौजूद सभी लोगों ने पृथ्वी को हरियालीमुक्त रखने का संकल्प लिया। इसके बाद सभी ने अपने घरों के आसपास पौधे लगाए, जो संस्था की ओर से लोगों को दिए गए । इन पौधों की रक्षा करने का प्रण सभी ने लिया। इसके बाद कल्पना ने सभी से कहा कि वो अपने आसपास के लोगों को भी जागरुक करें ताकि यह अभियान बड़े स्तर पर पहुंचे और बड़े स्तर पर हम पृथ्वी का सहयोग कर सकें। इस अवसर पर संस्था से उपाध्यक्ष दिव्यांश टंडन व पूनम आदि मौजूद रहे।