-कैराना प्रकरण को लेकर संगीत सोम ने निर्भय यात्रा व अतुल ने सद्भावना रैली का किया था एलान, लगी रोक

- दोनों आयोजन को रोकने के लिए अधिकारियों ने लगाया जोर, एडीएम प्रशासन और एसपी देहात ने सरधना में डाला डेरा

सरधना : कैराना से हिंदू परिवारों के पलायन के मुद्दे पर सरधना विधायक संगीत सोम की निर्भय यात्रा और उसके जवाब में सपा नेता अतुल प्रधान की सद्भावना रैली पर प्रशासन ने प्रतिबंध लगा दिया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को डर है कि दोनों नेताओं के समर्थकों में टकराव की स्थिति पैदा हो सकती है। जिसके चलते अधिकारियों ने दोनों आयोजनों पर रोक लगाने के लिए ऐड़ी चोटी के जोर लगा दिए। एडीएम प्रशासन और एसपी देहात सरधना में डेरा डाल दिया।

अफसरों ने डाला डेरा

कैराना से हिंदू परिवारों के पलायन का मुद्दा प्रदेश की राजनीति में छाया हुआ है। ऐसे में विधायक संगीत सोम ने शुक्रवार सुबह सरधना से कैराना तक हजारों समर्थकों के साथ निर्भय पदयात्रा निकालने का ऐलान कर दिया। बात यहां तक तो ठीक थी, मगर गुरुवार को इसके जवाब में सपा के सरधना विधानसभा प्रत्याशी अतुल प्रधान ने भी उसी समय सरधना से कैराना तक सद्भावना रैली निकालने का ऐलान कर दिया। जिससे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अतुल प्रधान के ऐलान के बाद अधिकारी दोनों आयोजन रोकने की कोशिश में जुट गए। एडीएम प्रशासन दिनेश चंद और एसपी देहात डॉ। प्रवीण रंजन सिंह ने सरधना में डेरा डाल दिया।

तैयारी में जुटे नेता

जहां अफसर दोनों आयोजन रोकने के लिए रणनीति बनाने में अधिकारी मशगूल दिखाई दिए। वहीं विधायक संगीत सोम और अतुल प्रधान अपने आयोजनों की तैयारियों में जुटे रहे। विधायक संगीत सोम ने कई गांवों में तूफानी दौरा किया। अतुल समर्थकों ने भी बैठक कर सद्भावना रैली को सफल बनाने की अपील की। निर्भय यात्रा और सद्भावना रैली को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ-पांव फूले रहे।

निर्भय यात्रा और सद्भावना रैली जिले में धारा 144 लागू होने की वजह से प्रतिबंधित हैं। दोनों आयोजन नहीं होने दिए जाएंगे। इसकी सूचना विधायक संगीत सोम और अतुल प्रधान को तामील कराने की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर सरधना को दी गई है।

दिनेश चंद, एडीएम प्रशासन।