- कुछ दिन अभियान चला नगर निगम ने साधी चुप्पी

- अब कह रहे हैं कि फिर से चलाएंगे अभियान

Meerut : पूर्ण रूप से बैन के बावजूद भी बाजार में पॉलीथिन धड़ल्ले से बिक रही हैं। पर्यावरण बचाने के लिए हाईकोर्ट के आदेश को नगर निगम के अधिकारियों ने हवा में उड़ा दिया। कुछ दिन अभियान चलाकर खानापूर्ति कर दी। उसके बाद नगर निगम ने चुप्पी साधी।

आदेशों की खानापूर्ति की जाती है

नगर निगम के अधिकारियों के लिए हाईकोर्ट, मुख्य सचिव या फिर प्रदेश के सीएम का आदेश कोई मायने नहीं रखता है। अब देखिए न पॉलीथिन पर बैन लगाने के आदेश को हवा में उड़ा दिया गया। कुछ दिन अभियान चलाकर रस्म अदायगी कर दी गई। ऐसे ही पैंठ हटवाने, अतिक्रमण हटाने के आदेशों को भी हवा में उड़ा दिया गया।

फिर से पॉलीथिन शुरू

मार्च में हाईकोर्ट ने पॉलीथिन पर बैन लगाने के आदेश दिए थे। नगर निगम ने अभियान चलाया तो बाजार से पॉलीथिन गायब हो गई। लेकिन एक बार फिर से बाजार में पॉलीथिन खूब बिक रही है। दुकान हो या फिर सब्जी, फल का ठेला हो पॉलीथिन में सामान दिया जाने लगा है।

तिथि तय कर इस बार फिर से पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। किसी कारण वश अभियान को बीच में ही बंद करना पड़ा। हाईकोर्ट के आदेशानुसार पॉलीथिन को बिकने नहीं दिया जाएगा।

डॉ। आरएस चौहान नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम