मेरठ (ब्यूरो)। परिवहन विभाग के ट्रेनर अमित तिवारी ने सांप सीढ़ी का खेल तैयार किया है।ट्रेनर अमित तिवारी ने बताया कि सांप सीढ़ी के खेल में सांप के काटने पर आप नीचे नही जाओगे बल्कि अस्पताल में जाओगे। इस तरह से बच्चों को ट्रैफिक नियम बताए जा रहे हैं। बीती 5 जनवरी से यातायात माह की शुरूआत हुई है।
हर स्टेप की देंगे जानकारी
परिवहन विभाग के ट्रेनर अमित तिवारी ने इस गेम को काफी रोचक बनाया है। इस सांप-सीढ़ी के खेल में सांप काटेगा भी और सीढ़ी ऊपर भी चढ़ाएगी, लेकिन फर्क इतना होगा कि हर स्टेप आपको यातायात नियमों की जानकारी देगा। इसके साथ उन नियमों के पालन करने की तरीके भी बताएगा। हर स्टेप पर अलग अलग बॉक्स में यातायात के नियमों की जानकारी दी गई है। साथ नियम तोडऩे पर कानून, जुर्माने और सजा तक की जानकारी दी गई है।
ट्रैफिक सिग्नल की भी जानकारी
इसके साथ ही इसमें एक से सौ तक नंबर लिखे हैं। इसमें यातायात संकेतकों को लिखा गया है। हादसों का कारण बताया गया है। चलने से लेकर रुकने और गति धीमी करने की भी जानकारी दी गई है। हेलमेट पहनने से लेकर सीट बेल्ट लगाने तक के बारे में बताया गया है। इस बोर्ड में रेड लाइट होने पर रुकना, ग्रीन पर चलना और नशा करके वाहन ना चलाएं, अस्पताल के पास प्रेशर हार्न ना बजाएं समेत पार्किंग-नो पार्किंग की जानकारी भी दी गई है।
स्कूलों में दे रहे ट्रेनिंग
यातायात माह के तहत अब तक करीब 8 स्कूल में सांप सीढ़ी के माध्यम से यातायात के नियमों की क्लास दी चुकी है। 4 फरवरी तक जारी यातायात माह में शहर के अधिकतर स्कूल कवर होंगे। इसके बाद भी स्कूलों में ट्रेनिंग कैंप आयोजित होंगे।

मोबाइल एप भी जल्द होगा लांच
इस सांप सीढ़ी के खेल को जल्द मोबाइल एप पर भी लांच किया जाएगा। यह एप लूडो के जैसी होगी जिससे कहीं भी खेल खेल में यातायात नियमों के बारे में जान सकेंगे। इसके साथ यह एप ट्रैफिक पुलिस को भी सौंपी जाएगी ताकि वह भी वाहन चालकों को यातायात नियमों के बारे में आसानी से बता सकें।

इस बोर्ड का मकसद यातायात के नियमों को आसानी से और सुविधाजनक तरीके से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। हमने स्कूलों में इस खेल के माध्यम से बच्चों को यातायात के नियमों का पाठ पढ़ाना शुरू कर दिया है। बच्चे रुचि ले रहे हैं और यातायात के नियमो की गंभीरता भी समझ रहे हैं।
- अमित तिवारी, परिवहन विभाग प्रशिक्षक