मेरठ (ब्यूरो)। यह पिकनिक स्पॉट भोले की झाल पर विकसित किया जाएगा। जहां पहले से ही भोले की झाल लोगों के आकर्षण का केंद्र है और फॉरेस्ट बन जाने के बाद वहां नेचर के बीच रहने की सुविधा भी लोगों को मिल सकेगी। दरअसल भोला की झाल स्थित 100 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट शहर के लोगों के लिए पहले से ही एक फेमस पिकनिक स्पॉट है। यहां ना सिर्फ मेरठ बल्कि आसपास के जनपदों के भी लोग भोले की झाल में नहाने के लिए आते हैं। लेकिन यहां सही से विकास ना होने के कारण शहर के लोगों की संख्या लगातार कम होती जा रही है। अब ऐसे में नगर निगम इस पिकनिक स्पॉट को बतौर सिटी फॉरेस्ट विकसित करने की येाजना बना रहा है।

नेचर वॉक की सुविधा
यहां भोले की झाल पर गंगनहर के किनारे के क्षेत्र को नेचर वॉक का लुत्फ उठाने के लिए विकसित किया जाएगा। इसके लिए 100 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की जमीन पर गेस्ट हॉउस से लेकर पार्क, पिकनिक स्पॉट, नेचर वॉक विकसित किया जाएगा। इस नेचर वॉक में गंगनहर किनारे पानी की लहरों की आवाज के साथ साथ हल्का म्यूजिक, आकर्षक स्ट्रीट लाइट से लेकर फूड काउंटर तक की सुविधा लोगों को मिलेंगी।

दिखेगा क्रांतिधरा का इतिहास
इस सिटी फॉरेस्ट में आने वाले लोगों को मेरठ के इतिहास की जानकारी देने के लिए 1857 की क्रांति से जुड़ी स्मृतियों की जानकारी देने के लिए क्रांति उपवन विकसित किया जाएगा। इस क्रांति उपवन में स्वतंत्रता संग्राम के चित्र, प्रतिमाएं और जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही क्रांति से संबंधित पुस्तकों का भी कलेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

इस संबंध में नगरायुक्त के निर्देश पर प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा।
इंद्र विजय, सहायक नगरायुक्त