मनचले को पकड़कर जमकर पीटा, एक फरार

- मनचले की तहरीर पर अज्ञात में केस दर्ज

Meerut : मनचलों को सबक सिखाने के लिए अब पब्लिक ने कमर कस ली है। शुक्रवार को शारदा रोड पर लोगों ने एक छात्रा को परेशान कर रहे संप्रदाय विशेष के मनचले की जमकर खबर ली। आक्रोशित भीड़ ने एक आरोपी को पकड़कर उसकी धुनाई की। इस दौरान कुछ युवकों ने आरोपियों की बाइक में आग लगा दी। भीड़ का गुस्सा देख एक आरोपी किसी प्रकार मौके से फरार हो गया। दूसरे आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

ये है मामला

ब्रह्मपुरी निवासी एक युवती शारदा रोड स्थित एक ग‌र्ल्स डिग्री कॉलेज की छात्रा है। छात्रा के अनुसार एक युवक कई दिन से बाइक से उसका पीछा कर रहा था। आरोपी कई बार छात्रा को रास्ते में रोककर उसके साथ छेड़खानी करता रहता था। युवक की हरकतों से तंग आकर छात्रा कई रास्ते बदल चुकी थी। लेकिन अब वह कॉलेज के बाहर ही अक्सर उसके साथ छेड़खानी करता था।

टूट गया सब्र का बांध

शुक्रवार की सुबह आरोपी एक अन्य युवक के साथ कॉलेज के बाहर खड़ा था। छात्रा को देखते ही उसने छींटाकशी शुरू कर दी, जिसके बाद छात्रा के सब्र का बांध टूट गया और उसने शोर मचा दिया। छात्रा द्वारा शोर मचाते ही कॉलेज में छात्राओं को छोड़ने आए अभिभावकों और आसपास के लोगों का मजमा लग गया। छात्रा ने उन्हें मनचले की हरकतें बताई तो लोगों में आक्रोश फैल गया।

भीड़ ने जमकर ली खबर

लोगों ने मनचलों से पूछताछ शुरू की तो एक युवक मौके से फरार हो गया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम रिजवान बताया। गुस्साए लोगों ने आरोपी की जमकर धुनाई की। इसी दौरान आक्रोशित भीड़ ने मनचले की यामाहा बाइक को आग के हवाले कर दिया। भीड़ ने दबोचे गए युवक को जमकर धुना। इस बीच पहुंची पुलिस ने किसी प्रकार युवक को भीड़ से छुड़ाते हुए जिला अस्पताल पहुंचाया।

उल्टा किया मुकदमा दर्ज

पुलिस मामले को बाइक में साइड लगाने का बताकर पल्ला झाड़ रही है। ब्रह्मपुरी थाने के एसएसआई का कहना है कि रिजवान और बिलाल बाइक से जा रहे थे। उनकी बाइक सफाईकर्मी की बाइक से टच हो गई। जिस पर भीड़ ने रिजवान को जमकर पीटा और उसकी बाइक में आग लगा दी। रिजवान की तहरीर पर भीड़ के दो लोगों पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया है।

वर्जन

मामले में अभी पूछताछ चल रही है। आरोप सिद्ध होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कॉलेज टाइम में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी।

-ओपी सिंह, एसपी सिटी