- पिछले छह दिन से चल रहा मेरठ महोत्सव का हुआ समापन

- अंतिम दिन परवान पर दिखा पब्लिक का उत्साह

- निकली खिली धूप तो भारी संख्या में पहुंचे लोग

Meerut : अलविदा मेरठ महोत्सव। पिछले छह दिन से चलने वाले मेरठ महोत्सव का गुरुवार शाम रंगारंग समापन हुआ। गुरुवार को दिन भर मेला परिसर में लोगों की भीड़ रही। महोत्सव का उत्साह चरम पर नजर आया। शाम को प्रियंका नेगी ने सुरों की महफिल सजाई तो संगीत प्रेमियों का हुजूम उमड़ पड़ा।

रंगारंग समापन

प्रियंगा नेगी के रंगारंग कार्यक्रम के साथ पिछले छह दिनों से चल रहे मेरठ महोत्सव का गुरुवार शाम समापन हो गया। जीआइसी ग्राउंड में लगे मेले का लोगों ने खूब लुत्फ उठाया। हर शाम संगीत या साहित्य की महफिल सजी। संगीत के अलग-अलग रंग लोगों ने देखे-सुने। कभी दीप मनी ने पंजाबी गानों पर लोगों को थिरकाया तो रॉक बैंड ने झुमाया। भजन गायक शर्मा बंधु और सूफी गायक तरुण सागर ने रुहानी संगीत से आत्मा के तार झंकृत किए, तो बुधवार की सर्द रात में भी लोग भाव-विभोर होकर भोर तक कवि एवं शायरों को सुनते रहे। अंतिम शाम प्रियंका नेगी ने अपनी आवाज एवं अदा से लोगों को खूब लुभाया।

उत्साह से सराबोर

गुरुवार को खिली धूप निकली तो मेले का नया तेवर देखने को मिला। सुबह से ही लोगों की भीड़ जीआइसी ग्राउंड में उमड़ने लगी। जो सर्दी के चलते जीआइसी ग्राउंड तक आने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे, वे उत्साह से सराबोर हुए पहुंचे। स्टॉलों पर पूरे दिन भीड़ रही। लोगों ने जरूरत का सामान खरीदा। राजस्थानी कलाकारों के संग ठुमके लगाए। बीएमडब्ल्यू कार के पास फोटो खिंचवाने की होड़ लगी रही।

सबके मन को भाया

रियल एस्टेट वाले जोन में खूब भीड़ रही। यहां एक ही छत के नीचे मेरठ एवं आसपास शहरों में विभिन्न बिल्डर एवं रियल एस्टेट कंपनियों द्वारा बनाए जा रहे करीब-करीब हर प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी मिल रही थी। सो स्वीट होम के ख्वाहिशमंद अपने बजट के साथ तालमेल बिठाते देखे गए। हैंडीक्राफ्ट की खूब खरीदारी हुई। घरेलू सामान और एक ही परिसर में तरह-तरह की साड़ी का कलेक्शन महिलाओं को जीआइसी ग्राउंड तक खींच लाया। ऑटो बाजार में अंतिम दिन दर्जनों वाहन बुक हुए। लोगों ने फूड जोन में जाकर मनपसंद व्यंजनों का जायका लिया।