मेरठ (ब्यूरो)। सात दिसंबर को मेरठ में होने वाली सपा-रालोद गठबंधन की पहली रैली का जायजा लेने के लिए शनिवार को सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम मेरठ पहुंचे थे। यहां जेल चुंगी स्थित सपा कार्यालय पर उन्होंने प्रेसवार्ता कर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर निशाना साधा। कहा कि यूपी की बिगड़ी कानून व्यवस्था, किसानों की समस्या, महंगाई, बेरोजगारी पर वह बात नहीं करते हैैं। उन्होंने केशव के टोपी, लुंगी वाले बयान पर कहा कि ऐसे शब्द बोलकर वह अपनी नाकामी छिपा रहे हैैं। कहा इस बार प्रदेश चुनाव में मंदिर नहीं बल्कि महंगाई, बेरोजगारी, किसान आंदोलन और विकास ही मुख्य मुद्दा रहेगा।

गठबंधन लाएगा परिवर्तन
सपा-रालोद के गठबंधन पर उत्तम ने जवाब दिया कि इस बार गठबंधन परिवर्तन लाएगा। 2022 में होने वाले विस चुनाव में छोटे-छोटे दलों के साथ जो गठबंधन हो रहा है। यह फायदेमंद साबित होगा और भाजपा को मुंह की खानी पड़ेगी। मेरठ में गुटबाजी के सवाल पर सपा प्रदेश अध्यक्ष ने गुटबाजी खत्म करने को कहा। साथ ही कहा कि इसका आगाज मेरठ से ही किया जाएगा। सात दिसंबर को होने वाली गठबंधन की रैली ऐतिहासिक होगी। रैली में भारी भीड़ पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि इससे पहले पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की रैलियों में भीड़ को देख भाजपा डरी हुई है। इसलिए वह पार्टी पर आरोप लगाकर बदनाम करने की नाकाम कोशिश करने में लगी हैै। उन्होंने कहा कि बीजेपी के प्रति लोगों में गुस्सा है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी, जिला महासचिव संजीव यादव, जिला सचिव राहुल सनसनवाल, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, विपिन मनोठिया, अतुल प्रधान, गुलाम मोहम्मद आदि मौजूद रहे।