मेरठ ब्यूरो। नगर निगम की ओर से होली की कोई तैयारी नजर नहीं आ रही है। हालत यह है कि कई इलाकों में जहां पर होलिका दहन होना है। वहां से गंदगी अभी तक नहीं हटी है। ऐसे में वहां पर झाडिय़ां और गंदगी पसरी पड़ी है।
नहीं हो रही सफाई
नगर निगम का दावा है कि शहर में सफाई अभियान चलाकर साफ-सफाई शुरू कर दी गई है। शहर में जगह जगह होलिका दहन की तैयारियां शुरु हो चुकी हैं। ऐसे में गंदगी के कारण होलिका दहन स्थलों की खूबसूरती पर ग्रहण लग रहा है। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने कैंपेन के जरिए होलिका दहन के स्थानों की हकीकत जिम्मेदारों तक पहुंचाने की पहल की है।

पार्क से लेकर चौराहों तक गंदगी
गौरतलब है कि होलिका दहन 7 मार्च को है। ऐसे में शहर में अधिकतर स्थलों पर होलिका दहन के लिए लकडिय़ां एकत्र कर सजावट का काम शुरू हो चुका है। लेकिन शहर के अधिकतर पार्क और चौराहों पर अभी तक निगम स्तर पर साफ सफाई शुरु नही हो सकी है। खासतौर पर पुराने शहर की गलियों और चौराहों की स्थिति बदत्तर है। निगम का ध्यान केवल वीआईपी इलाकों और चौराहों तक सीमित है जिसके चलते अधिकतर शहर के अंदर की गलियों और चौराहों पर गंदगी पसरी हुई है।

पार्कों में झाडिय़ों का जंजाल
आवास विकास की कालोनियों के अधिकतर पार्क अव्यवस्थाओं के चलते गंदगी से ज्यादा घास फूस और झाडियों के कारण जंगल का बना हुआ है। शहर के अधिकतर प्रमुख पार्क को निगम ने साफ सुथरा किया हुआ है, लेकिन कालोनियों के बीच बने पार्कों की स्थिति खराब है। ऐसे में स्थानीय लोगो के स्तर पर ही पार्कों की सफाई कर होलिका दहन व सजावट की तैयारी की जा रही है।

इन क्षेत्रों में सफाई की दरकार-
- भूमियापुल चौराहा
- माधवपुरम सेक्टर तीन के पार्क
- जागृति विहार सेक्टर 2, 7, 8, 9 के पार्क
- मोहनपुरी मुख्य सड़क
- सुभाषनगर
- हनुमानपुरी
- कांशीराम आवास पार्क
- जयदेवी नगर
- विजयनगर
- आर्यनगर सूरजकुंड

सभी प्रमुख मार्ग समेत चौराहों पर सफाई लगातार कराई जा रही है। होलिका दहन स्थल पर रंगोली बनाकर सजावट की जाएगी। बाकी जहां कहीं सफाई की दरकार है निगम से संपर्क कर सकते हैं।
- हरपाल सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी

हमारे मोहल्ले में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है। चौराहों पर होली जलाई जाती है लेकिन वहां भी सफाई खुद ही करनी पड़ती है।
- सुमित शर्मा

होलिका दहन स्थल को खुद स्थानीय लोगों के स्तर पर ही दुरुस्त कर लिया गया है। निगम के भरोसे रहते तो होली गंदगी के बीच ही जलानी पड़ती।
- मोहित

बाजार की मेन होली मेन रोड पर ही लगाई जाती है। यहां रोजाना सुबह सफाई हो जाती है लेकिन शाम तक फिर गंदगी पसर जाती है।
- अंकुर बंसल