Sardhana : झिटकरी गांव में शुक्रवार देर रात कुछ लोगों ने ब्लॉक प्रमुख के दावेदार पर फायर झोंक दिया। गोली उसके बराबर से होकर निकल गई। आरोपी चुनाव लड़ने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने पीडि़त की तहरीर पर एनसीआर दर्ज की है।

यह है मामला

झिटकरी निवासी राजेंद्र सिंह पुत्र नत्थू सिंह ब्लॉक प्रमुख के दावेदार है। शुक्रवार रात करीब 11 बजे कुछ लोगों ने उन्हें घर के बाहर से आवाज लगाकर बाहर बुलाया। राजेंद्र के घर से बाहर आते ही उस पर फायर झोंक दिया। गोली उनके घर के गेट पर जा लगी। इस पर आरोपी उसे चुनाव लड़ने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए फरार हो गए। राजेंद्र ने छत पर चढ़कर शोर मचा दिया और सौ नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पीडि़त की तहरीर पर पुलिस ने एनसीआर दर्ज की है।

प्रधान के घर पर फायरिंग

चकबंदी गांव में शुक्रवार देर रात चुनावी रंजिश में प्रधान के घर पर फायरिंग कर दी गई। जिससे हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दो लोगों को उठाकर थाने ले आई। शनिवार को प्रधान ने थाने पहुंचकर घटना की तहरीर पुलिस को दी।

चकबंदी के ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचे प्रधान रणजीत पुत्र बाबू ने बताया कि गांव के कुछ लोग उनसे चुनावी रंजिश रखते हैं। जिसके चलते चार-पांच दिन पूर्व भी उनके साथ मारपीट की गई थी। इसकी तहरीर उन्होंने थाने में दी थी। बाद में इस मामले में समझौता हो गया था। शनिवार को उनके घर पर फायरिंग कर दी गई। जिससे उनका परिवार दहशत में आ गया। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास शुरू हो गए।