जेल से छूटते ही फिर शुरू किया अवैध शराब का धंधा

होली और पंचायत चुनाव के लिए मिला था आर्डर

Meerut। शराब माफिया रमेश प्रधान ने जेल से छूटते ही अवैध शराब का काला कारोबार दोबारा शुरू कर दिया। उसे पंचायत चुनाव व होली पर सप्लाई करने के लिए शराब का आर्डर मिला था। वह अपने गुर्गो से शराब को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सप्लाई करा रहा था। शनिवार को आबकारी व पुलिस की संयुक्त टीम ने उसके घर पर छापेमारी कर 40 पेटी शराब बरामद की। मगर रमेश प्रधान हत्थे नहीं चढ़ा।

एक करोड़ की संपत्ति जब्त

ब्रह्मापुरी थाना क्षेत्र के मंगतपुरा में शराब माफिया रमेश प्रधान रहता है। उसका वेस्ट यूपी व आसपास के क्षेत्र में शराब का काला कारोबार फैला हुआ है। पिछले साल 17 जून को पुलिस ने उसे जेल भेजा था। साथ ही उसकी एक करोड़ की संपत्ति जब्त कर ली थी। दो महीने पहले ही वह जेल से छूटा। उसने जेल से छूटने के बाद अवैध शराब का धंधा दोबारा शुरू कर दिया। आबकारी विभाग सेक्टर-एक के निरीक्षक असलम व ब्रह्मापुरी थाना प्रभारी सुभाष अत्री की संयुक्त टीम ने उसके घर पर छापेमारी की। माफिया ने होली पर सप्लाई करने के लिए माल को घर में बने गोदाम के अंदर एक गड्ढे में रखा हुआ था। टीम ने मौके से अरुणाचल प्रदेश मार्का सुपर स्पीड ब्रांड की 40 पेटी शराब बरामद की है।

जेल से छूटने के बाद रमेश प्रधान ने दोबारा शराब का अवैध कारोबार शुरू कर दिया था। पुलिस टीम के साथ उसके घर पर छापेमारी कर बरामदगी की गई।

आलोक कुमार, जिला आबकारी अधिकारी

जिले में शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पूर्व में शराब तस्करी के मामलों में जेल गए आरोपितों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। रमेश प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगा दी हैं।

अजय साहनी, एसएसपी