- एक ही लाइसेंस पर होंगे एक से अधिक असलाह

- तीन शस्त्रों तक का एक ही मिलेगा यूनिक कोड

Meerut: एक से अधिक लाइसेंस रखने वाले लोगों के लिए खुशखबरी। आयुध नियमावली 2016 के तहत दो या तीन लाइसेंस रखने वाले लोगों को अब अलग-अलग लाइसेंस बुक नहीं रखनी होगी। एक ही लाइसेंस पर तीन शस्त्र की एंट्री हो सकेगी। नवीनीकरण और दूसरी औपचारिकता भी एक साथ पूरी होने के अलावा तीन शस्त्रों तक का एक ही यूनी कोड भी मिल सकेगा। शासन स्तर पर इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं।

पांच हजार लाइसेंस धारक

जनपद में लगभग 5 हजार लाइसेंस धारक ऐसे हैं, जिनके पास एक से अधिक शस्त्र लाइसेंस हैं। इन लोगों ने अलग-अलग लाइसेंस के लिए यूनिक कोड भी अलग ही लिए हुए हैं, जिसके चलते यूनी कोड याद रखना व अलग-अलग बुक रखने में उन्हे दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

जारी होगा यूनी कोड

दिसंबर में नई व्यवस्था शुरू हो जाएगी। एक अधिक शस्त्र लाइसेंस जिनके पास भी होंगे उनकी एक ही शस्त्र लाइसेंस बुक जनरेट कर यूनिक आईडी भी एक ही कर दी जाएगी। जिससे काफी हद तक समस्या समाप्त हो जाएगी। कई बार कुछ लोग पावर और पैसे के बल पर एक से अधिक लाइसेंस बनवा लेते हैं, जिसके चलते शस्त्रों का गलत इस्तेमाल किया जाता है। नई व्यवस्था से जिला प्रशासन, पुलिस, प्रदेश सरकार को पता रहेगा कि एक व्यक्ति के पास कितने शस्त्र लाइसेंस और किस प्रकार के असलाह हैं।

निरस्त होंगे लाइसेंस

यह व्यवस्था होने के बाद यह भी देखा जाएगा कि क्या एक से अधिक लाइसेंस रखने वालों को इतने शस्त्र रखने की जरूरत है। अगर उनका काम एक ही शस्त्र लाइसेंस से चल सकता है, तो फिर अधिक असलाह और शस्त्र क्यों जारी किए गए? गड़बड़ी मिलने पर अन्य लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे।

रुक सकता है रिन्यूवल

शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए सीएमओ के यहां से जांच के बाद स्वास्थ्य प्रमाण पत्र जारी होगा। स्वास्थ्य जांच में आवेदक की ऊंचाई, वजन और रक्तचाप की भी जानकारी प्रारूप में अंकित होगी। अगर ये भी जांच में मानक के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, तो रिन्यूवल रोका जा सकता है।

फैक्ट एंड फीगर

- 12506 लाइसेंस होल्डर

- 11566 मेल लाइसेंस होल्डर

- 940 फीमेल लाइसेंस होल्डर

- 5000 लोगों पर एक से अधिक लाइसेंस

शस्त्र लाइसेंस नियावली में संशोधन हुआ है। प्रावधान के तहत नई प्रक्रिया को जल्द प्रभावी किया जाएगा। शासनादेश मिलते ही संशोधन लागू होगा।

-अवधेश सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट