मेरठ (ब्यूरो)। 22 जून से 25 जून तक कोलालंपुर मलेशिया में आयोजित नेस्ले माइलो कप अंतराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता 2023 में भारत का परचम लहरा दिया। इस प्रतियोगिता में भारत की झोली मे कुल एक स्वर्ण पदक, दो रजत पदक व तीन कांस्य पदक आए।

निमित व शिवांश ने जीते पदक

इस प्रतियोगिता के लिए भारतीय कराटे टीम 21 जून को मलेशिया के लिए रवाना हुई थी। भारतीय दल मे कुल 13 खिलाड़ी व कोच अमित गुप्ता, सुनील कुमार, राजू रॉय व नेहा गुप्ता के नेतृत्व मे टीम रवाना हुई थी। जिसमे मेरठ से निमित गुप्ता व शिवांश वशिष्ठ भी शामिल थे। रॉयल चैंपियंस कराटे अकादमी, ब्रह्मपुरी के निमित गुप्ता ने 10-11आयु वर्ग/-30 किलो भार वर्ग में मलेशिया, इंडोनेशिया व सिंगापुर के खिलाडिय़ों को हरा कर पहला रजत पदक भारत की झोली मे डाला। इसके बाद बालेराम सरस्वती शिशु मंदिर कराटे अकादमी शास्त्रीनगर के खिलाड़ी शिवांश वशिष्ठ ने भी 10-11आयु वर्ग/+45 किलो भार वर्ग में मलेशिया, इंडोनेशिया, नेपाल के खिलाडिय़ों को हरा कर दूसरा रजत पदक जीत कर भारत का झंडा लहराया।

उज्जवल भविष्य की कामना की

इस अवसर पर जिला मेरठ ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष पवन गोयल, बालेराम सरस्वती शिशु मंदिर के अध्यक्ष मनमोहन गुप्ता व प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार शर्मा और शोतोकान चिकारा कराटे संघ के अध्यक्ष, डॉ। तरुण गोयल ने भी इन दोनों खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि पर अत्यधिक हर्ष व्यक्त किया तथा सभी ने इन खिलाडिय़ों के उज्जवल भविष्य की कामना की।