- यूपी वेस्ट में दूसरे दिन भी धधकती रही विरोध की चिंगारी, जनपदों में रहा उबाल

-मेरठ में वकीलों ने किया कार्य बहिष्कार किया तो वहीं बागपत में हुई खाप पंचायत

Meerut : हरियाणा में आरक्षण को लेकर जारी हिंसा की चिंगारी वेस्ट यूपी के कई जिलों में दूसरे दिन भी धधकती दिखी। मेरठ में वकीलों ने कार्य बहिष्कार किया तो वहीं बागपत के बड़ौत में चौरासी खाप की पंचायत में आरक्षण नहीं मिलने पर ईंट से ईंट बजाने का ऐलान किया गया। बाद में चौधरियों का आधे घंटे तक दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर कब्जा रहा। दाहा व छपरौली में भी जाटों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। यहां हरियाणा में आंदोलन का समर्थन किया और मृतक आश्रितों को एक-एक करोड़ रुपये देने की मांग की।

कचहरी में भी असर

सोमवार को हरियाणा में आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलनरत जाटों के समर्थन में मेरठ के जाटों ने भी सोमवार को परतापुर पर जाम लगाया। जाट समुदाय को आरक्षण का समर्थन किया। वहीं, जाम के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, कचहरी में जाट आंदोलन का असर पड़ रहा है। इस कारण वादकारी एवं अधिवक्ता भी न्यायालय नहीं पहुंच पा रहे हैं। मेरठ बार एसोसिएशन ने सोमवार को न्यायालयों में कार्य न करने का निर्णय लिया।

यात्री फंसे

बुलंदशहर में जाट आरक्षण को लेकर जनपद में उल्लेखनीय गतिविधियां नहीं हुईं। केंद्र सरकार की पहल पर मामले के निस्तारण की खबरों की बिरादरी में चर्चा रही। मंगलवार को अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने प्रेस वार्ता करने की घोषणा की है, इसमें आंदोलन की रूपरेखा का ऐलान किया जाएगा। सहारनपुर में जाट आरक्षण आंदोलन का असर रहा। कटरा और अमृतसर में 400 सहारनपुर के निवासी फंसे हुए हैं। हरियाणा जाने वाली 120 रोडवेज बसों के चक्के जाम हैं। करोड़ों के रेडीमेड गारमेन्ट कारोबार पर ब्रेक लग गया तो वहीं राजस्व और इकाईयां भी प्रभावित हैं। अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के आह्वान पर दोपहर एक बजे जाटों ने हरिद्वार हाइवे पर छजलैट में जाम लगाया। नारेबाजी करते प्रदर्शनकारियों ने कांठ एसडीएम हर्षिता माथुर को मांग पत्र लिया। आधा घंटे तक विरोध प्रदर्शन के दौरान वाहनों की आवाजाही बनी रही। बिलारी तहसील परिसर में धरना दिया गया तो अमरोहा के काफूरपुर में जाटों ने मंगलवार को शांति यज्ञ का निर्णय लिया है। ट्रेनों के रद होने से यात्रियों को आज भी परेशानी रही।

आरक्षण को बताया हक

बागपत के बड़ौत में चौरासी खाप की पंचायत में आरक्षण नहीं मिलने पर ईंट से ईंट बजाने का ऐलान किया गया। देशखाप मुखिया चौ। सुरेंद्र सिंह ने कहा कि आरक्षण हमारा हक है, जो हर हाल में मिलना ही चाहिए। ऐलान किया कि जाट आरक्षण लेकर रहेंगे, चाहे कुछ भी क्यों न करना पड़े। बाद में आधे घंटे हाईवे पर जाम लगाया। बागपत से हरियाणा जाने वाला मार्ग भी खोल दिया गया।