मेरठ (ब्यूरो). अगर मेरठ में ही न्यूजीलैंड की कीवी, थाईलैंड का ड्रैगन फ्रूट, फिजी का सेब चखने को मिल जाए तो क्या कहने। ये फल बेमौसमी हैं, लेकिन इनका स्वाद हर किसी को अपना दीवाना बना रहा है। लंबे समय तक खराब न होने के चलते भी लोग इन्हें पसंद कर रहे हैं। महंगा होने के चलते ये फल शादी और समारोह गिफ्ट्स के तौर पर लोगों की पहली पसंद बन गया है।

बाजार में डिमांड
दरअसल, बाजारों में न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, थाईलैंड और फिजी आदि विदेशी फलों की भरमार है। मंहगा होने के बाद भी अपने स्वाद के कारण यह फल बाजार में अपनी पकड़ बढ़ा रहे हैं। इनमें फिजी का सेब, ऑस्ट्रेलिया के खरबूज, न्यूजीलैंड की कीवी, थाईलैंड के रेड अंगूर, ड्रैगन फ्रूट, लॉन्गी लीची जैसे फल शामिल हैं।

बेमौसमी फलों का स्वाद
इतना ही नहीं, बहुत से विदेशी फल बिना सीजन के भी पूरे साल बाजार में उपलब्ध रहते हैं। बिना मौसम के फलों में तरबूज, खरबूजा से लेकर विदेशी सेब, अंगूर, लीची और न्यूजीलैंड की कीवी आदि शामिल हैं।

शादियों में डिमांड
थोड़ा महंगा होने के कारण विदेशी फलों की सबसे ज्यादा डिमांड शादी और समारोह आदि में गिफ्ट्स आदि के रूप में होती है। यहां सलाद को सजाने में इन फलों का ही यूज किया जाता है।

आकार-रंग बना आकर्षण
बेमौसमी बिकने वाले फलों के आकार भी मौसमी फलों से अलग हैं। तरबूज और खरबूज अंडाकार के हैं। वहीं खरबूजा गहरा पीला और तरबूज हरे मटमैले रंग का आ रहा है। वहीं लॉन्गी लीची ब्रॉउन कलर में और रेड अंगूर डार्क रेड कलर में सजे हुए हैं।

ये हैं विदेशी फलों के दाम
ड्रैगन फ्रूट - 250 रुपए किलो
रेड अंगूर- 500 रुपए किलो
सेब - 280 रुपए किलो
लॉन्गी लीची- 250 रुपए किलो
आस्ट्रेलियन खरबूजा- 100 रुपए किलो
फिजी का सेब- 100 रुपए किलो
फिजी का सरदा- 80 रुपए किलो

कोट्स
विदेशी फलों की सप्लाई दिल्ली से हो रही है। ये फल लंबे समय तक रखे रहने के बाद भी खराब नहीं होते हैं।
दिलीप, ओम फ्रूट्स

लोकल के फल अपने मौसम के दौरान भी खराब निकल जाते हैं, लेकिन विदेशी फल मीठे होने के साथ ही खराब नहीं होते।
धर्मचंद जयसवाल, फल विक्रेता

विदेशी फलों में मौसमी फलों से अधिक स्वाद है। इसलिए इन फलों की बिक्री बढ़ रही है। शादियों के सीजन में डिमांड अधिक बढ़ जाती है।
जितेंद्र, राजू फल स्टॉल

विदेशी फलों का स्वाद काफी मीठा होता है लेकिन सप्लाई कम होने के कारण रेट बहुत अधिक है। गिफ्ट देने के हिसाब से ये काफी ट्रेंडी हैं।
शिवानी