मेरठ ब्यूरो। निकाय चुनाव में अब कुछ दिन ही बचे हैं। उम्मीदवार भी दिन और रात चुनावी सभाएं कर रहे हैं। पब्लिक से विकास के बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं। वहीं, आम जनता भी बीते साल के विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर रही है। आगामी 11 मई को वोटिंग है, लिहाजा आम जनता भी अपने उम्मीदवारों को चुनने का मन बना चुकी है। पब्लिक की इन्हीं समस्याओं को जानने समझने के लिए दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की ओर से वार्ड नीति कैंपेन शुरू किया गया है। इसके तहत दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की टीम विभिन्न वार्डों में जाकर आम लोगों को मूलभूत समस्याओं पर चर्चा कर रही है। सिटी के वार्ड-7 स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी फेज वन में महिलाओं ने अपनी समस्याओं को बताया। उन्होंने कहा कि वार्ड में सड़कें आज तक नहीं बनाई गई हैं। इलाके में जलभराव के कारण सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। इसके साथ ही नालों की समस्या ने भी जीना मुहाल कर दिया है। महिलाओं ने कहा कि वे ऐसे नेता को चुनेंगे तो हमारे परिवार के सदस्य की तरह हो।
वार्ड 7 की स्थिति
पुरुष- 9955
महिलाएं- 9255
टोटल मतदाता- 19,210

ये हैं प्रमुख मोहल्ले-
पिलना सोफीपुर, विवेक बिहार, कृष्ण नगर, कोणार्क कालोनी, एकता नगर, इंद्रप्रस्थ स्टेट 2, कौशल्या नगर, डोगरा बस्ती, पीएसी अमन बिहार, न्यू फ्रेंड्स कालोनी, वृंदा गार्डन, तिरुपति गार्डन, गनपति एंक्लेव, राजन कुंज, आंनद निकेतन, गंगोत्री कालोनी, सनराइस शांतिनगर, प्रेरवा पुरम, इशिका अपार्टमेंट

जर्जर सड़कें
इंद्रप्रस्थ कॉलोनी वार्ड-7 में सबसे ज्यादा समस्या सड़कों की है। यहां पर पब्लिक कनेक्टिविटी की सबसे ज्यादा प्रॉब्लम्स है। सड़कें टूटी हैं, इससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

नाले की समस्या
नाले के कारण सबसे ज्यादा समस्या होती है। नाले से हर समय बदबू निकलती है। इस कारण यहां रहना मुश्किल है। हालत यह है नाले से निकलने वाली हॉर्मफुल गैसों के कारण इलेक्ट्रॉनिक आइट्म भी खराब हो रहे हैं।

कूड़ा निस्तारण की समस्या
कॉलोनी में कूड़ा निस्तारण के लिए कोई कार्य योजना नहीं है। हालत यह है कि यहां पर कूड़ा गाड़ी तक नहीं आती है। मोहल्ले के लोगों ने पैसे देकर प्राइवेट सफाई कर्मचारी को हायर किया है। इस समस्या का निराकरण होना बहुत जरूरी है।
-------------------
क्या कहती है महिलाएं
पिछले पांच साल में कुछ काम नहीं हो पाया है। यहां तक पूर्व पार्षद तो जनता को पहचानने से भी इंकार कर देते थे, काम नहीं हो पाते थे। हमारी कॉलोनी की सड़कें खराब हैं।
अनीता डागर

मैं पूर्व पार्षद से दो बार मिलने गई थी। उन्होंने पहचानने से इंकार कर दिया। साथ ही हमारा काम नहीं किया। इस बार जो पार्षद होंगे उनसे यही उम्मीद है कि वो जनता के बीच में रहें पहचानने से इंकार न करें, काम करें।
कविता

कॉलोनी की सड़क बहुत खराब है। यहां पीछे नाला बहता है। इससे हम लोगों के फ्रिज, टीवी, एसी खराब हो रहे हैं। नाले को ढकने के लिए कोई विशेष इंतजाम करने की जरूरत है।
लक्ष्मी

हमारे यहां पर पहले से कुछ काम नहीं हुआ है। कूड़ा तक प्राइवेट सफाई कर्मचारियों को हायर करके उठाया जा रहा है। नगर निगम की गाड़ी तक नहीं आती है।
ऊषा

हमें तो पूर्व पार्षद का कोई काम नहीं दिखता है। यहां पर नाले की सफाई और जर्जर सड़क प्रमुख मुद्दा है। सबसे पहले प्राथमिकता के आधार पर सड़क की समस्या को दूर करना चाहिए। सुनीता

जनता के बीच रहने वाला पार्षद हमें चाहिए, ऐसे न हो बाद में हम काम करवाने के लिए पार्षद को ढूंढते फिरे और वो मिले ही न। हमें ऐसा पार्षद चाहिए जो सहज और सुलभ हो।
सुधा अग्रवाल

यहां नाले से निकलने वाली हॉर्मफुल गैसों के कारण हमारा एसी, फ्रिज और इलेक्ट्रॉनिक आइट्म्स खराब हो जाते हैं। इसकी तरफ कभी भी पूर्व पार्षद का ध्यान नहीं गया। दूसरा यहां गंदगी रहती है सड़क भी खराब है।
शशि

हमारे मोहल्ले की सड़क ठीक हो जाए, इसके साथ ही नाले की समस्या भी दूर हो जाए। रोजाना निगम के सफाई कर्मचारी साफ-सफाई के लिए आएं। इस बार ऐसे ही उम्मीदवार को चुनेंगे, जो हमारी मांगों को पूरा करे।
कौशल

बीते पांच साल में यहां पर कुछ काम नहीं हो पाया है। आने वाले पार्षद से यही उम्मीद है कि वो लोगों के हित में काम करेगे न केवल अपने हित में करें, हमारी सड़क भी ठीक करवा दें।
कौशल्या

हमारी मांग है कि मोहल्ले में मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त किया जाए। पूर्व पार्षद के कार्यकाल में कुछ खास कार्य नहीं हो पाए। आने वाले पार्षद से उम्मीद है कि वो विकास करेंगे।
बबीता

हमें ऐसा पार्षद चाहिए, जो हमारे मुद्दों पर तुरंत एक्शन ले। मोहल्ले में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन नहीं होता है। हमारी मांग है कि यहां पर रोजाना सफाई कर्मचारी और कूड़ा गाड़ी आए।
अरुणा गौड़
---------------------
मैंने अपने स्तर से बहुत काम किया है। हां, कुछ कॉलोनियां नई बनी हैं। इनमें धीरे-धीरे लोग मुझे जान रहे हैं। मेरी तरफ से कोई कमी नहीं रही है। बाकी जनता के ऊपर है पसंद न नापसंद।
महेंद्र भारती, पूर्व पार्षद

जनता के लिए काम करने के लिए हम हमेशा खड़े रहेंगे। हम केवल विकास की बात नहीं करते हैं। हम काम करके दिखाएंगे, मैं पब्लिक के बीच उनके परिवार के सदस्य की तरह रहूंगा।
अजीत सिंह, प्रत्याशी उम्मीदवार पार्षद