शहर के सभी वार्डो में चला विशेष सफाई अभियान, हुआ सेनेटाइजेशन भी

नगर आयुक्त समेत अन्य अधिकारियों ने किया औचक निरीक्षण, दिए जरूरी निर्देश

Meerut कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों के मद्देनजर जिले में संडे को लॉकडाउन लगाया गया। इस दौरान लोग जहां लोग पूरी तरह घरों में कैद रहे तो वहीं नगर निगम द्वारा शहर के सभी 90 वार्डो में विशेष अभियान चलाकर सेनेटाइजेशन, फॉगिंग और साफ-सफाई का काम कराया गया। इस अभियान की मॉनिटरिंग करने के लिए खुद नगरायुक्त मनीष बसंल के साथ निगम के आला अधिकारी दिनभर शहर में राउंड पर रहे।

90 वार्डो में अभियान

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नगर निगम के तीनों डिपो सूरजकुंड, कंकरखेड़ा और दिल्ली रोड डिपो से सभी 90 वार्ड में सेनेटाइजेशन का अभियान रविवार सुबह शुरू किया गया। निगम के 19 टैंकरों से मुख्य बाजारों से लेकर सरकारी कार्यालय, पुलिस थाने, आवासीय परिसरों को सेनेटाइज किया गया। इसके अलावा निगम के हेल्प लाइन नंबर पर आई डिमांड के अनुसार भी वार्डो में सेनेटाइजेशन हुआ।

हॉट स्पॉट में सेनेटाइजेशन

शहर के तीन दर्जन से अधिक हॅाट स्पॉट इलाकों मे भी सेनेटाइजेशन अभियान चलाया गया। जिन घरों में संक्रमित मरीज मिले हैं उनकी सूची बनाकर निगम की अलग सेनेटाइजेशन टीम लगाई गई थी। इसके तहत एक एक घर को सेनेटाइज किया गया।

नगरायुक्त ने किया निरीक्षण

रविवार को चले विशेष सफाई अभियान के तहत खुद नगरायुक्त मनीष बंसल समेत सहायक नगरायुक्तब्रजपाल सिंह और तमाम आला अधिकारी दिनभर सड़कों पर रहे। नगरायुक्त ने घंटाघर से लेकर हापुड अडड़ा, भूमिया पुल, तेजगढ़ी, शास्त्रीनगर आदि प्रमुख बाजारों का निरीक्षण कर सेनेटाइजेशन व्यवस्था को देखा और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

अलर्ट रही निगरानी समिति

इसके साथ ही नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न चौराहों पर आकर्षक रंगोली बनाकर कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जागरुक संदेश दिए गए। नगर निगम की निगरानी समिति ने घर-घर जाकर लोगों को संक्रमण से बचाव के तरीके बताए और उनकी जांच की। वहीं निगम द्वारा शहर में जगह-जगह कोरोना जांच के लिए कैंप लगाए गए। साथ ही निगम कर्मचारियों समेत लोगों की कोरोना जांच भी की गई।