- घटना को अंजाम देकर भैंसाली स्टैंड की ओर फरार हुए डकैत

- आलाधिकारी, क्राइम ब्रांच और आईजी की स्पेशल टीम लगी

Meerut: पुलिस को खुली चुनौती देते हुए गुरुवार दिन निकलते ही बदमाशों ने ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम दिया। सदर सर्राफा बाजार को निशाना बनाया तो वहीं ट्रांसपोर्ट नगर के पेट्रोल पंप कारोबारी पर गोलियां बरसाकर 8.51 लाख रुपये लूट लिए। दोनों ही घटनाओं में बदमाश अत्याधुनिक हथियारों से लैस थे तो वहीं घटनाक्रम को अंजाम देने से पहले फुल रेकी भी कर चुके थे। पुलिस भी आशंका जता रही है कि बदमाश जान-पहचान वाले हो सकते हैं।

भड़के कारोबारी, बाजार बंद

अभी सदर बाजार पूरी तरह खुल भी न पाया था कि लूट की बड़ी वारदात से कारोबारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया। दिन-दहाड़े हुई घटना सूचना आग की तरह फैल गई। व्यापारियों ने लूट के विरोध में पूरा बाजार बंद रखा है। सूबे की सपा सरकार और पुलिस के खिलाफ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोगों ने जमकर हंगामा किया। कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता, दलजीत सिंह, विजय आनंद, संदीप रेवड़ी ने एसपी सिटी ओपी सिंह को आड़े हाथों लेते हुए जमकर हंगामा किया। भाजपा के व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत शारदा ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को खरी-खरी सुनाई। एसपी क्राइम अजय सहदेव, थाना सदर पुलिस मौके पर थी।

ताबड़तोड़ वारदात से पारा हाई

सदर लूटकांड का गुस्सा शांत भी न हुआ था कि पेट्रोल पंप मालिक से 8.51 लाख की लूट और नौकर को गोली मारने की घटना ने आग में घी का काम किया। कारोबारियों ने पुलिस को घेर लिया। पेट्रोल पंप पर विनीत शारदा ने सीओ ब्रह्मापुरी रफीक अहमद को जमकर खरी-खोटी सुनाई। कारोबारियों ने सड़क जाम करने का प्रयास भी किया। घटनास्थल पर पहुंचकर सभी घटनाओं में कारोबारी नेताओं ने पीडि़त को ढांढ़स बंधाया। प्रदीप चिन्यौटी, ट्रासंपोर्ट एसो। के अध्यक्ष गौरव शर्मा आदि यहां मौजूद थे।