मेरठ। दिसंबर में नगर निगम चुनाव हंै ऐसे में नगर निगम की कार्यकारिणी की अंतिम बैठक में शहर के विकास और जनता के हितों के मुददों पर जमकर बहस हुई। शुक्रवार सुबह 11.30 बजे महापौर सुनीता वर्मा और नगर आयुक्त डा। अमित पाल शर्मा ने बैठक शुरु की। कार्यकारिणी उपाध्यक्ष रंजन शर्मा ने यूजर चार्ज वसूली पर आपत्ति जताई। बिना सहमति के बीवीजी कंपनी द्वारा यूजर चार्ज वसूली शुरू करने पर सदस्यों ने नाराजगी जताई।

पार्षदों ने जताई नाराजगी
पार्षदों ने कहा कि यह कंपनी जयपुर में ब्लैकलिस्ट हो चुकी है। पार्षदों ने आरोप लगाया कि कंपनी की कूड़ा गाड़ी मोहल्लों में नहीं पहुंच रही है। पार्षद ललित नागदेव ने कंपनी के प्रतिनिधियों को बैठक में शामिल करने की बात कही। नगरायुक्त डा। अमित पाल शर्मा ने कहा कि कंपनी के खिलाफ कार्रवाई होगी। जब तक 90 वार्डों के शत-प्रतिशत घरों व दुकानों से कूड़ा कलेक्शन नहीं होगा तब तक यूजर चार्ज वसूली नहीं होगी।

नामांतरण और हाउसटैक्स पर विवाद
बैठक में नामांतरण शुल्क और हाउस टैक्स के मुददे पर जमकर बहस हुई। पार्षदों ने आरोप लगाया कि नामांतरण शुल्क को पिछली बैठक में खारिज कर दिया गया था तो किसकी अनुमति से लागू हो गया। निगम अफसर इसका जवाब नहीं दे सके। सदस्यों ने सर्वसम्मति से सभी 213 के नोटिस निरस्त करने का निर्णय लिया।
नियमावली में बदलाव
विज्ञापन नियमावली 2022 पर चर्चा के दौरान भाजपा पार्षद अनुज वशिष्ठ ने आरोप लगाया कि निगम होर्डिंग ठेकेदार के पेट्रोल पंप से डीजल ले रहा है। बैठक में विज्ञापन नियमावली में पूर्व की नियमावली में क्या नए बदलाव किए गए। इस सवाल का जवाब निगम अफसर नहीं दे पाए।

इन महत्वपूर्ण मुददों पर हुआ निर्णय-
- ट्रेड लाइसेंस व जलमूल्य में वृद्धि और बाजार मूल्य पर निगम की दुकानों के किराये में वृद्धि, पशु क्लीनिक का वार्षिक रजिस्ट्रेशन शुल्क निर्धारित करने के प्रस्ताव हुए खारिज

- हाउस टैक्स निर्धारण के लिए अब तक जारी किए गए सभी 213 के नोटिस निरस्त कर दिए गए।

- 500 रुपये शुल्क ही संपत्तियों के नामांतरण के लिए लिया जाएगा।

- निगम की गाडिय़ों के लिए वाहन डिपो के नजदीकी पेट्रोल पंप से डीजल लिया जाएगा।

ये सदस्य रहे मौजूद
कार्यकारिणी बैठक में कार्यकारिणी उपाध्यक्ष रंजन शर्मा, ललित नागदेव, इकरामुद्दीन, सुनीता प्रजापति, अंशुल गुप्ता, अनुज वशिष्ठ, अजय भारती, संदीप रेवड़ी, अब्दुल गफ्फार, नाजरीन, दीपिका गुप्ता और सितारा बेगम आदि मौजूद रहीं।