सीएम की योजना को जल्द शुरू करने दिए आदेश

 मेरठ के अलावा वेस्ट यूपी के कई जिलों में दौड़ेगी टैक्सी

Meerut : मेरठ, गाजियाबाद एवं सहारनपुर में भी अब जल्द ही रेडियो टैक्सी चलनी शुरू हो जाएगी। इसके लिए कवायद शुरू हो गई है। यह टैक्सी परिवहन उद्यमियों को प्रोत्साहित करके चलाई जाएंगी। परिवहन आयुक्त ने डीएम को आदेश जारी कर दिए हैं।

 

सीएम की है योजना

मुख्यमंत्री अखिलेश सिंह यादव ने नागरिकों को सुरक्षित, आरामदायक व वातानुकूलित तथा व्यक्तिगत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेरठ समेत प्रदेश के मेरठ समेत 13 महानगरों में रेडियो टैक्सी चलाने का कार्यक्रम विकास एजेंडे में शामिल किया है। इन महानगरों में इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने 22 नवम्बर-13 को लखनऊ महानगर और 11 मार्च-15 को आगरा में रेडियो टैक्सी संचालन का शुभारंभ किया था। डीएम आगरा पंकज कुमार ने तो रेडियो टैक्सी चलाने के लिए व्यक्तिगत रूचि लेकर प्रयास किया। इस पर मुख्य सचिव ने उन्हें प्रशस्ति पत्र भी जारी किया है।

 

नहीं शुरू हो सका यहां

वर्तमान में प्रदेश की राजधानी लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, इलाहाबाद एवं आगरा महानगर में रेडियो टैक्सी का संचालन हो रहा है। साथ ही मुरादाबाद में रेडियो टैक्सी संचालन के लिए एलओआई जारी की जा चुकी है। इसके बावजूद अभी मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, झांसी, अलीगढ़, बरेली, गोरखपुर एवं मुरादाबाद महानगरों में रेडियो टैक्सी का संचालन शुरू नहीं हो पाया है।

 

जल्द चलाने के आदेश

परिवहन आयुक्त के रविन्द्र नायक की ओर से गत नौ मई को आदेश जारी किया गया था। जिसमें सभी डीएम से अपने जिलों में रेडियो टैक्सी में रूचि रखने वाले परिवहन उद्यमियों से बैठक करने के आदेश दिए थे। मेरठ समेत अन्य सभी महानगरों में रेडियो टैक्सी संचालन के लिए शीघ्र प्रभावी करने के लिए कहा था। इसके बावजूद अभी तक रेडियो टैक्सी का संचालन आठ महानगरों में नहीं हुआ। इस पर गत 14 जुलाई-15 को परिवहन आयुक्त ने डीएम को आदेश जारी किए हैं। यह आदेश बुधवार को डीएम को भी मिल गया है। परिवहन आयुक्त ने आदेश दिए हैं कि व्यक्तिगत रूचि लेकर शीघ्र रेडियो टैक्सी का संचालन शुरू कराएं। उन्हें इस बारे में प्रभावी कार्यवाही करने के आदेश दिए हैं।