मेरठ (ब्यूरो)। जिले में बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया है। पिछले एक हफ्ते के तापमान पर गौर करें तो गुरुवार को करीब आठ डिग्री का अंतर दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले 48 घंटे में मेरठ व आसपास के जिलों में हल्की बरसात होती रहेगी।

दो घंटे हुई बरसात
गुरुवार को करीब दो घंटे तक बरसात हुई। बरसात के कुछ देर बाद ही मौसम साफ हो गया। दोपहर में तेज धूप निकली। अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले दिनों मेरठ का तापमान अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा था। मौसम वैज्ञानिक डॉ। एएन सुभाष के अनुसार अभी दो दिन और बारिश के आसार हैं। इन दो दिनों में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। बीते 24 घंटे में 25 एमएम बारिश हो चुकी है।

मानसून ने पूरा किया कोटा
मानसून के जनपद में दस्तक देने के बाद अच्छी बरसात देखने को मिल रही है। गुरुवार को सुबह झमाझम बरसात देखने को मिली। मात्र पौने दो घंटे में 30.8 मिलीमीटर वर्षा हुई। इस तरह जून माह में औसत बरसात का कोटा पूरा हो गया है। बतातें चलें कि 18 जून तक जनपद में सूखे की स्थिति थी। 25 जून को मानसून की पहली बरसात हुई थी उसके बाद से लगातार अच्छी बरसात हुई है। गत वर्ष जून में केवल 47 मिलीमीटर वर्षा हुई थी। जून में अब तक 85 मिलीमीटर बरसात हो चुकी है।

बरसात से धुला प्रदूषण
बरसात ने प्रदूषण की कालिमा को धो दिया है। गुरुवार को शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 49 दर्ज किया गया। दिल्ली रोड पर शाम को जरूर धूल उड़ती ने लोगों को परेशान किया। गंगा नगर, शास्त्रीनगर में प्रदूषण की स्थिति सुधरी रही।