मेरठ (ब्यूरो)। होलिका दहन के साथ ही मंगलवार को चारों ओर मस्ती-धमाल का माहौल हो गया। सभी तरफ अबीर और गुलाल से आसमान सतरंगी हो उठा। एक-दूजे को बधाई देने के साथ ही होली पर मंगलकामनाएं हुई। युवा वर्ग बाइकों पर निकला और पूरे जोश के साथ होली को अपने अंदाज में खेला। देर रात तक सड़कों पर युवाओं की टोलियां होली की मस्ती में डूबी दिखीं।मंगलवार को होली के अवसर पर शहर भर में होलिका सजी। गली-मोहल्लों के साथ ही पार्को में होलिका को सजाया गया। दिनभर महिलाओं ने भक्तिभाव से होलिका का पूजन कर मंगलकामनाएं कीं। इस मौके पर शहर भर के माता मंदिर और शिवालयों में भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने प्रभु का गुणगान करने के साथ ही सुख-समृद्धि की मनोकामनाएं मांगी।

कई जगह मंदिरों में खेली होली
शहर में जगह-जगह चौराहों पर होलिका जलाई गई। वहीं मंदिरों में भगवान के साथ फूलों की होली खेली गई। थापरनगर स्थित श्रीकृष्ण मंदिर में भगवान संग श्रद्धालुओं ने फूलों की होली खेली। जागृति विहार स्थित माता मंशा देवी मंदिर में पुजारी भगवत गिरि ने माता का भव्य श्रृंगार कर पूजा-अर्चना की। यहां सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। माता मंशा देवी का गुणगान कर श्रद्धालुओं ने भंडारे किए। रमेश गिरी, अनिल गिरी आदि ने प्रसाद वितरण कर माता का गुणगान किया।

सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना
कंठी माता मंदिर, बच्चा पार्क पर मेले जैसा माहौल रहा। सुबह से श्रद्धालु पूजा की थाल सजाए कतारबद्ध रहे। माता के जयकारे और भक्तिभाव से हुए गुणगान से अध्यात्म का संचार हुआ। इसी के साथ औघडऩाथ मंदिर, बिल्वेश्वरनाथ मंदिर, वामन भगवान मंदिर, भोलेश्वरनाथ मंदिर, गोल मंदिर, बाबा मनोहर नाथ मंदिर आदि में भक्तिमय हो उठे जयकारे गूंजे।

होलिका को सजाया गया
वहीं दूसरी ओर होलिका महोत्सव के मद्देनजर सुबह से ही शास्त्रीनगर, जागृति विहार, अजंता कालोनी, दामोदर कालोनी, प्रेमप्रयाग, ब्रह्मपुरी, प्रह्लादनगर, सदर बाजार, शर्मा नगर, साकेत, पल्लवपुरम, गंगानगर समेत विभिन्न विभिन्न स्थानों पर शहरभर के गली-मोहल्ले व पार्को में होलिका को सजाया गया। लकडिय़ों को लगाने के साथ ही प्रतीकात्मक होलिका के पुतले को दहन के लिए रखा गया। महिलाओं ने विधि विधान से होलिका का पूजन कर घर में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। महिलाओं ने गुझिया, मठरी, पापड़ आदि पकवानों का भोग होलिका को लगाकर पूजन किया।

बाजारों में चहल-पहल रही
दिनभर बाजारों में चहल-पहल रही और होली की खरीदारी को लोग उमड़े। होलिका दहन के साथ ही अबीर और गुलाल से आसमान सतरंगी हो उठा। श्रद्धालुओं ने होलिका को नमन कर मंगलाकामनाएं करते हुए दहन किया। होलिका के दहन के साथ ही रंगों का पर्व होली शुरू हो गया। लोगों ने एक-दूजे को रंग लगाया और गले मिलकर बधाई दी। जहां कल शहर में होलिका दहन किया गया, वहीं आज रंग खेला जाएगा।