मेरठ (ब्यूरो)। शनिवार के बाद अचानक रविवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला। तापमान में बड़े फेरबदल के बाद खिली चटक धूप ने शहरवासियों को राहत दी। वहीं आने वाले दो दिनों के लिए मौसम विभाग द्वारा मेरठ सहित वेस्ट यूपी केकई जिलों में आरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है।

मौसम में उतार-चढ़ाव
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दो दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम रहेगा और घना कोहरा छाए रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। बीते दो दिनों में मौसम में तेजी से उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। शनिवार को पिछले 24 घंटे के अंतराल में अधिकतम तापमान में 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रविवार को इसी अंतराल में न्यूनतम तापमान में 7.3 डिग्री का अंतर देखने को मिला है। वहीं, धूप खिली रही, जिससे शहरवासियों को राहत मिली। अधिकतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया गया।

धूप में निकले लोग
शनिवार को जनपद वासियों को सूरज के दर्शन नहीं हुए थे, जबकि रविवार को सभी के दफ्तर बंद रहे इसके चलते धूप का मजा सभी ने लिया। बाजारों में भी लोग शॉपिंग करते दिखे। वहीं मकर संक्रांति का पर्व रविवार को भी लोगों ने धूमधाम से मनाया।

प्रदूषण का स्तर नीचे गिरा
सरदार पटेल कृषि यूनिवर्सिटी के मौसम केंद्र के प्रभारी डॉ। यूपी शाही ने बताया कि तेज धूप से घना कोहरा पडऩे की आशंका बढ़ गई है। चटक धूप निकलने से खतरे के स्तर पर बढ़ा प्रदूषण का स्तर नीचे गिर गया। वहीं दोपहर 12 बजे के बाद वायु गुणवत्ता सूचकांक में निरंतर गिरावट दर्ज की गई। जयभीमनगर में 199, गंगानगर में 224 और पल्लवपुरम में यह 100 दर्ज किया गया।

गुणवत्ता बेहद खराब
इससे पहले शनिवार को यही 332 के आसपास था। शुक्रवार शाम चार बजे से रविवार की दोपहर 12 बजे तक हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी रही। मौसम वैज्ञानिक डॉ। यूपी शाही के अनुसार अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 13 और न्यूनतम 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने की संभावना है। इसके बाद 21 तक कोहरा छाए रहने के आसार है।