भीषण कोहरे और गलन के कारण दिनभर ठिठुरते रहे लोग

2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया सोमवार को न्यूनतम तापमान

Meerut । सर्दी का कहर सोमवार को भी जारी रहा। दिल्ली एनसीआर में जहां न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। तो मेरठ में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ। एएन सुभाष ने बताया कि 40 साल बाद शहर में अधिकतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कड़ाके की सर्दी के कारण लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए। वहीं कोहरे के कारण भी दृश्यता कम रही। घने कोहरे और भीषण सर्दी के कारण लोग अलाव और हीटर के सहारे बैठे रहे। गलन के कारण लोग दिनभर कांपते नजर आए।

40 साल का रिकार्ड

मौसम वैज्ञानिक डॉ। एएन सुभाष ने बताया कि 40 साल बाद शहर में अधिकतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि बीते साल अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर कम होने से गलन और सर्दी बढ़ रही है। वहीं, मौसम वैज्ञानिक डॉ। उदय प्रताप शाही ने बताया कि साल 2014 में भी शहर में भीषण सर्दी पड़ी थी। उस दौरान शहर का न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्यिस के आसपास दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि सर्दी ने बीते पांच साल का रिकार्ड टूटा है।

पश्चिमी विक्षोभ का असर

सर्दी की गलन तो दिसम्बर की शुरुआत के साथ ही असर दिखाने लगी थी। पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते करीब एक पखवाड़े से तो मौसम पूरी तरह कहर ढाने पर उतारु है, रविवार की रात दस बजे के बाद से ही कोहरे ने अपना असर दिखाना शुरु कर दिया और सोमवार की सुबह से ही कोहरे ने ऐसा रंग दिखाना शुरु किया कि देखते ही देखते चारों ओर धुंध छा गई। घने कोहरे के चलते विजिबिलटी कम रही। जिससे कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

घरों व दुकानों पर जले अलाव

सोमवार को सर्दी व गलन का असर यह रहा कि हर कोई बचाव के लिए उपाय कर रहा था। घरों से लेकर दुकानों तक पर लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए। एक ओर जहां सुबह उठे लोग अलाव जलाकर उसके इर्द गिर्द बैठ गए तो विभिन्न बाजारों व दुकानों के सामने दुकानदार से लेकर ग्राहक तक अलाव की आंच से राहत का प्रयास करने लगे थे। मौसम वैज्ञानिक उदय प्रताप शाही के अनुसार जम्मू कश्मीर में बन रहा पश्चिमी विक्षेाभ असर दिखा रहा है, इसके चलते कई स्थानों पर एक दो व तीन जनवरी को बारिश व ओलावृष्टि का अनुमान है।

-----

सोमवार को मसूरी से कम रहा मेरठ का तापमान

मेरठ 2.5

मसूरी 3

नैनीताल 6

रानीखेत में 4

दार्जीलिंग 12

पटनीटॉप 3

श्रीनगर 6

मगदौलगंज 4

लैंस डाउन 7

धर्मशाला 7

तापमान डिग्री सेल्सियस में

-------

फिलहाल अभी राहत नहीं

मौसम वैज्ञानिक उदय प्रताप शाही के अनुसार लगातार बीते कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान गिरता जा रहा है। हफ्ते में तापमान 5 डिग्री से गिरकर सोमवार को 2.5 पर पहुंच गया है। जो रविवार को दोपहर 4.1 व रात तक 3 करीब पहुंच गया था। धीरे धीरे सोमवार को 2.5 तक आ गया। अनुमान है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे जा सकता है।

पिछले कुछ सालों में 30 दिसंबर का तापमान

साल - अधिकतम - न्यूनतम

2018 - 25.6 - 2.8

2017 - 27.9 - 5.5

2016 - 26.6 - 5.8

2015 - 31.3 - 4.1

2014- 28.1- 2.3

2013 - 26.8 - 3.5

2012 - 26.7 - 3.2

2011 - 28.1 - 2.2

तापमान को डिग्री सेल्सियस में मापा गया है।