मेरठ ब्यूरो। लालकुर्ती बाजार, आबूलेन, सदर बाजार, हापुड़ अड्डा, दिल्ली रोड, सेंट्रल मार्केट ये वो इलाके हैं जहां अक्सर आपको मभीड़ मिलेगी। यहां पर महिलाओं का भी बहुत आना जाना रहता है। इनमें किसी भी जगह पर आपको पिंक टॉयलेट नहीं मिलेगी। ऐसा नहीं है कि शहर में पिंक टॉयलेट नहीं है। कुछ जगहों पर पिंक टॉयलेट बनाए गए हैं, लेकिन उनकी उपयोगिता न के बराबर है। यानि जहां पर जरूरत है वहां पिंक टॉयलेट नहीं है। निगम की कोई व्यवस्था नहीं खास बात यह है कि निगम की ओर से पिंक टॉयलेट नहीं बनाए गए हैं। जो भी पिंक टॉयलेट बनाए गए हैं। वो सुलभ इंटरनेशनल की ओर से संचालित हो रहे हैं। इनका उपयोग करने के लिए पे करना पड़ता है।

सिर्फ 11 जगहों पर पिंक टॉयलेट

नगर निगम ने शहर में करीब 11 स्थानों पर पिंक ब्लू टॉयलेट संचालित किए हैं, लेकिन शहर के कई मुख्य बड़े बाजारों में टॉयलेट न होने से महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। हालत यह है कि सार्वजनिक स्थलों, बाजारों में महिलाओं को लेडी टॉयलेट की जरुरत पड़ जाए तो कई कई किमी दूर तक यह सुविधा उपलब्ध नही है।

-----------------

यहां बनने चाहिए पिंक टॉयलेट

दिल्ली रोड से बेगमपुल -

- दिल्ली रोड दिल्ली की तरफ से मेरठ में एंट्री की प्रमुख रोड है। - इस रोड पर शॉपिक्स मॉल से लेकर बेेगमपुल तक एक भी लेडी टॉयलेट नही है। - इस रोड पर नवीन सब्जी मंडी, ट्रांसपोर्ट नगर, मैट्रो प्लाजा, जली कोठी, रोडवेज बस डिपो, कैंटोमेंट हॉस्पिटल जैसे प्रमुख स्थान आते हैं। - शॉपिक्स मॉल से बेगमपुल तक की दूरी करीब 5 किमी है।

----------

मेडिकल से हापुड अड्डा

- गढ़ रोड मेरठ शहर की एंट्री की प्रमुख सड़क है। - शहर में एंट्री पर गढ़ रोड पर केवल मेडिकल कालेज के सामने सुलभ। लेकिन यहां शुल्क देकर ही इनका उपयोग किया जा सकता है। - इससे आगे नई सड़क तिराहे, गांधी आश्रम चौराहा से लेकर हापुड अड्डे तक कहीं लेडी टॉयलेट नही है। - तेजगढ़ी चौराहे से हापुड अड्डे तक करीब 3 किमी की दूरी है।

कचहरी रोड - - ईव्ज चौराहा से कचहरी परिसर, एमडीए कार्यालय तक जाने वाले मार्ग पर नाममात्र यूरिनल बने हुए हैं लेकिन इस मार्ग पर कहीं भी लेडी टॉयलेट नही हैं। - वहीं विक्टोरिया पार्क, पुलिस लाइन, महिला पुलिस थाना, सर्किट हाउस, कचहरी जैसे प्रमुख स्थानों कहीं भी निशुल्क टॉयलेट की सुविधा नही है।

चौ चरण सिंह विवि से जेल चुंगी - - शहर की एकमात्र यूनिवर्सिटी रोड जो कि तेजगढ़ी चौराहे से जेलचुंगी तक है। - इस रोड पर विवि के सामने सुलभ और तेजगढ़ी चौराहे पर एक पिंक ब्लू टॉयलेट बना हुआ है। लेकिन इनमें शुल्क लिया जाता है। - इसके अलावा तेजगढ़ी से जेलचुंगी चौराहे तक करीब 2.50 किमी की दूरी पर एक भी लेडी टॉयलेट नही है। - इस रोड पर विवि समेत छोटू राम विवि आने वाले युवतियोंं को रोजाना इस समस्या से जूझना पड़ता है।

परतापुर बाईपास-

- दिल्ली से हरिद्वार, मुजफ्फरनगर जाने के लिए शहर का प्रमुख बाईपास है परतापुर - परतापुर से मोदीपुरम तक इस बाईपास की लंबाई करीब 12 किमी है। लेकिन कोई निशुल्क लेडी टॉयलेट नही है। -

यहां कई जगह एनएच द्वारा शौचालय बनाए गए हैं लेकिन अभी चालू हालत में नही हैं। सुलभ शौचालयों की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है। इसके अलावा नए टॉयलेट बनाने की भी योजना है। सुलभ शौचालयों की संख्या भी बढ़ाई गई है।

- हरपाल सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी