मेरठ (ब्यूरो)। इस बार सीसीएसयू के दीक्षांत समारोह मेधावियों को राज्यपाल अलग अलग नहीं, बल्कि ग्रुप में मेडल प्रदान करेंगी। मकसद यह है कि इससे कार्यक्रम में समय की बचत होगी। हालांकि, राज्यपाल से पर्सनली मेडल न मिलने से मेधावियों में मायूसी है।

इस बार होगा बदलाव
यूनिवर्सिटी के अधिकारियों के मुताबिक इस बार ग्रुप में मेधावी छात्र मेडल व सर्टिफिकेट के साथ मंच पर पहुंचेंगे। मंच पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र कुमार उपाध्याय, पद्मश्री जेके बजाज और वीसी प्रो। संगीता शुक्ला ग्रुप में मेधावियों को पुरस्कृत करेंगे। इससे समय की बचत होगी। मंच पर सभी 171 मेधावियों को मेडल प्रदान किए जाएंगे।

50 से 55 मेडल पर्सनल
गौरतलब है कि इससे पहले राज्यपाल की ओर से 50 से 55 मेडल पर्सनली छात्रों को बुलाकर मंच दिए जाते थे, लेकिन इस बार सभी 171 मेधावियों को ग्रुप में मेडल दिए जाएंगे। इसके लिए 20-20 छात्रों के ग्रुप बनाए जाएंगे। ऐसे में कुल नौ समूह बनेंगे। हालांकि, अभी इसका प्रस्ताव तैयार किया गया है।

सोनिया को मिलेगा स्वर्ण पदक
सीसीएसयू के दीक्षांत समारोह में पीजी में सर्वोच्च अंक पाने वाली छात्रा सोनिया रानी को डॉ। सुबोध गार्ग न्यास स्वर्ण पदक दिया जाएगा। हिंदी के प्रचार प्रसार में जुटे अखिल भारतीय साहित्यलोक के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। सोनिया रानी सरधना निवासी है। वीसी प्रो। संगीता शुक्ला ने बताया इस बार समय की बचत के लिए मेधावियों को ग्रुप में मेडल दिए जाएंगे।