- कई बार सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की नौबत आई

- पुलिस ने कई बार हल्का बल प्रयोग किया, दोपहर बाद भाजपाइयों पर किया लाठीचार्ज

Meerut : जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के दौरान पूरे दिन कमिश्नरी चौराहे पर घमासान मचा रहा। पुलिस प्रशासन ने यहीं पर सदस्यों और उनके समर्थकों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की थी। यहां दिन भर समर्थकों और गाडि़यों का जमावड़ा लगा रहा। सपा और भाजपा के कार्यकर्ता पूरे दिन नारेबाजी करते रहे। कई बार टकराव की स्थिति बनी, जिसे पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को संभाल लिया। दोपहर बाद स्थित कुछ बिगड़ी तो पुलिस को लाठी चार्ज भी करना पड़ा। इस क्षेत्र का ट्रैफिक पूरा दिन ध्वस्त रहा। रिजल्ट डिक्लियर होने के बाद तो कई देर तक लंबा जाम लगा रहा।

धारा 144 का उड़ा माखौल

चुनाव के मद्देनजर ट्रैफिक डिपार्टमेंट ने गुरुवार को अंबेडकर चौराहे से कमिश्नरी चौराहे तक का रास्ता पूरी तरह से बंद कर दिया था। मेरठ कॉलेज और सर्किट हाउस पर पर्किंग स्थल बनाया गया था, जितने भी पंचायत सदस्य थे, उन सभी की गाडि़यां और पार्टी समर्थक व कार्यकर्ताओं का जमघट पूरे दिन लगा रहा। भाजपा और सपा के नेता और समर्थक दिनभर प्रदर्शन करते रहे। सपा से अतुल प्रधान, विधायक शाहिद मंजूर, वहीं भाजपा से संगीत सोम, मुखिया गुर्जर समेत कई नेताओं की मौजूदगी से कार्यकर्ताओं का जोश पूरी तरह से उफान पर था। नारेबाजी करते हुए कई बार दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। यहां गौर करने वाली बात यह है कि धारा 144 लगी हुई थी, बावजूद इसके काफी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता व समर्थक वहां जमा थे। इसके साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस व आरएएफ बल भी मौजूद था, लेकिन कोई भी उनको वहां से हटा नहीं पाया।

भाजपाइयों पर लाठीचार्ज

दोपहर बाद करीब ढाई बजे कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर अपने बेटे जिला पंचायत सदस्य नवाजिश के साथ पहुंचे। पार्किंग में वाहन खड़ा कर वो कलक्ट्रेट के लिए प्रवेश कर गए। इस पर भाजपा के कई कार्यकर्ता भी प्रवेश करने की कोशिश करने लगे, जिन्हें वहां पर मौजूद पुलिस ने रोक लिया। इस पर भाजपा कार्यकर्ता और पुलिस के बीच भिड़ंत हो गई। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस एक तरफा कार्रवाई कर रही है, सपा के कार्यकर्ताओं को अंदर जाने दे रही है, जबकि उनके सदस्यों तक को बाहर खदेड़ रही है। कार्यकर्ता जबरन अंदर जाने की कोशिश करने लगे तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। इतने में एक कार्यकर्ता एएसपी संकल्प शर्मा से भिड़ गया, उनका बैच नोच लिया। मामला बिगड़ता देख पुलिस ने लाठी चार्ज का आदेश दे दिया। मौके पर मौजूद पुलिस बल और आरएएफ ने कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज कर उन्हें तितर-बितर किया।

जाम से जूझती रही पब्लिक

एसएसपी रोड पर आम लोगों का आवागमन प्रतिबंधित रहा। इस वजह से सर्किट हाउस और कमिश्नरी चौराहे के बीच की रोड पर वाहनों का ज्यादा दबाव बढ़ गया। कमिश्नरी चौराहे पर पार्टी नेता, कार्यकर्ता और गाडि़यों का जमघट लगा रहा। इस वजह से पूरे दिन उस रोड पर भी पब्लिक जाम से जूझती रही। पूरा प्रशासनिक और पुलिस अमला वहीं पर मौजूद था, लेकिन किसी ने ट्रैफिक को संभालने की कोशिश नहीं की। कार्यकर्ता वहां से हटने को राजी नहीं थे। पब्लिक को काफी लंबे जाम से दो चार होना पड़ा। रिजल्ट डिक्लियर होने के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। वहीं पर जुलूस निकाला। तब ट्रैफिक पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। आम पब्लिक जहां थी वहीं पर काफी देर तक खड़ी रही। पुलिस जुलूस को हटाने की हिम्मत नहीं जुटाई पाई।