पत्नी के अवैध संबंध को लेकर आए दिन होती थी नोकझोंक

शुक्रवार को ससुरालियों से की थी शिकायत, युवक को ही पीटा

Meerut। पत्नी और ससुरालियों की ज्यादतियों से आजिज आकर युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। हालांकि इससे पहले युवक ने वीडियो बनाकर ससुरालियों को जिम्मेदार बताया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। परिजनों ने पत्नी समेत अन्य ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर दे दी थी।

ये है मामला

टीपीनगर थाना क्षेत्र के मलियाना शिवशक्ति नगर निवासी मनोज ने पांच साल पहले क्षेत्र की ही युवती से प्रेम विवाह किया था। दोनों के तीन साल का बेटा भी है। मनोज के पिता सतीश ने बताया कि कुछ दिनों से दंपती में विवाद चल रहा था। उन्होंने बेटे से काफी पूछा, तब उसने बताया कि पत्नी फोन पर किसी से बात करती है। विरोध करने पर उससे झगड़ा करती है। वह सिवाल क्षेत्र में नौकरी और वहीं रहने की बात भी कर रही थी।

ससुरालियों ने की पिटाई

उन्होंने बताया कि शुक्रवार दोपहर को वह बिना किसी को बताए कहीं चली गई थी। देर शाम परिजनों ने पोते से बहू के बारे में पूछा तो उसने बताया मम्मी कल आने के लिए बोलकर गई हैं। इस पर मनोज और उसके परिजन ससुराल पहुंचे और मामले की जानकारी दी। हालांकि तभी युवक की पत्नी भी पहुंच गई थी। इस दौरान दोनों में हाथापाई हुई तो ससुरालियों ने मनोज की पिटाई कर दी थी। इसके बाद वह घर आ गए थे। रात को मनोज ने अपने कमरे में पत्नी की चुनरी से फांसी लगाकर जान दे दी। उसने वीडियो बनाकर पत्नी और ससुरालियों को इसके लिए जिम्मेदार बताया। थाना प्रभारी रघुराज सिंह ने बताया कि परिजनों ने पत्नी और ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।