-शहर में त्योहार के वक्त बेहद खतरनाक लुटेरों के गिरोह के घुसने की बढ़ी आशंका

-पुलिस ने जारी किया alert, पब्लिक को रहना होगा सतर्क

devendra.singh@inext.co.in

त्योहार के इस सीजन में बावरिया गिरोह का खतरा बढ़ गया है। अलग-अलग रूप धरकर गिरोह के लोग शहर में दाखिल हो सकते हैं और बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। ये सब बताकर हम आपको डराना नहीं चाहते बल्कि हमारा मकसद सावधान करना है। बावरिया गिरोह को लेकर पुलिस हेडक्वार्टर ने अलर्ट जारी किया है। बनारस समेत पूर्वाचल को खासतौर पर अलर्ट रहने को कहा गया है। इसके साथ ही पुलिस को कच्छा-बनियान गिरोह की गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया है।

त्योहार पर करते हैं वारदात

हेडक्वार्टर से जारी अलर्ट में पुलिस को सचेत किया गया है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर पश्चिम उत्तर प्रदेश तक एक शहर से दूसरे शहर तक घूम-घूमकर खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाला बावरिया गिरोह के एक्टिव होने का यही वक्त है। त्योहार के मौके पर गिरोह शहरों में दाखिल होता है। मौका मिलते ही लूटपाट करता है। पुलिस के पास इस तरह के गिरोह में शामिल लोगों का कोई रिकॉर्ड नहीं होने की वजह से किसी घटना के होने के बाद उनकी पहचान या पकड़ नहीं हो पाती है। बनारस में कई बार वारदात कर चुके बावरिया गिरोह हर वक्त इस शहर में बड़ा हाथ मारने की फिराक में रहता है।

बेहद खौफनाक है गिरोह

-बावरिया गिरोह बेहद खौफनाक तरीके से वारदात को अंजाम देता है।

-लूटपाट के दौरान निर्मम हत्या और बलात्कार करना इनके लिए बेहद सामान्य बात है।

-वार करने के लिए लोहे की राड, लकड़ी के टुकड़े, पत्थर के टुकड़े आदि का इस्तेमाल करते हैं।

-लूटपाट को सफल बनाने के लिए कई तरह का टोना-टोटका भी करते हैं।

-ऐसे घरों को खासतौर पर निशाना बनाते हैं जहां से सामान आसानी से वाहन पर लादकर निकला जा सके,।

-बावरिया गिरोह ठंड तक लूटपाट की कई घटना को अंजाम देने के बाद सुरक्षित ठिकाने पर चला जाता है।

हर इलाका है unsafe

बावरिया गिरोह ज्यादातर ऐसे इलाकों के घरों पर हमला करता है जो हाईवे के नजदीक हों। लेकिन घनी बस्ती के इलाके भी इनसे बचे नहीं हैं। बड़ागांव, चौबेपुर, मिर्जामुराद, रोहनिया, लंका थाना क्षेत्र में कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। इसके बावजूद घुमंतू बावरिया गिरोह का पुलिस को पास कोई रिकॉर्ड नहीं है। बावरिया गिरोह रेकी के काम में पुरुषों के साथ महिलाओं भी शामिल करता है।

खुद से रहें सतर्क

-किसी अजनबी को घर में न घुसने दें और उसे घर के बारे में कोई जानकारी न दें।

-कोई अपरिचित कुछ दिनों से आपके घर के आसपास मंडरा रहा हो तो तत्काल पुलिस को इंफॉर्म करें।

-घर के बाहर हों या अंदर घर की सुरक्षा का पूरा इंतजाम रखें।

-सुरक्षा के लिए मार्केट में ढेरों एडवांस टेक्नोलॉजी मौजूद हैं इसका उपयोग किया जा सकता है।

बावरिया गिरोह की गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए जिले के कप्तानों को निर्देशित किया गया हैं। उन थाना क्षेत्रों में खासतौर पर सतर्कता के लिए कहा गया है जो हाईवे के नजदीक हैं।

दलजीत चौधरी

एडीजी, लॉ एंड ऑर्डर