-टीम के साथ 19 जुलाई को नई दिल्ली से टोक्यो के लिए होंगे रवाना

-रेलवे बोर्ड नई दिल्ली में हैं प्रतिनियुक्त, ग्रुप प्लेआफ में भी थे साथ

टोक्यो ओलंपिक में बनारस रेल इंजन कारखाना के आनंद कुमार भारतीय महिला टेनिस टीम के साथ बतौर फिजियो ट्रेनर एवं कोच के रूप में शामिल होंगे। वो 19 जुलाई को टोक्यो रवाना होंगे। वह वर्तमान में रेलवे बोर्ड नई दिल्ली में प्रतिनियुक्ति पर हैं। आनंद 23 जुलाई से आठ अगस्त तक जापान की राजधानी टोक्यो में आयोजित ओलंपिक 2021 में शामिल होंगे। भारतीय टेनिस टीम में सानिया मिर्जा व अंकिता रैना जैसे दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं। 16 एवं 17 अप्रैल 2021 को जुर्मला (लातविया) के इंडोर हार्ड कोर्ट में आयोजित बिली जीन ¨कग कप के लिए खेले गए विश्व ग्रुप प्लेआफ में भी आनंद बतौर फिजियो व ट्रेनर टीम के साथ जुड़े थे। आनंद कुमार भारतीय टेनिस टीमों (पुरुष और महिला) के साथ बड़ी भूमिका निभाते रहे हैं। वह विगत 15 साल से टेनिस टीमों के साथ फिजियो ट्रेनर एवं सहायक कोच के रूप में जुड़े हुए हैं। वह लिएंडर पेस, रोहन बोपन्ना, दिविज शरण, सानिया मिर्जा सहित अन्य टेनिस सितारों के लिए व्यक्तिगत प्रशिक्षक के रूप में भी काम कर रहे हैं।