शहर उत्तरी विधानसभा में रविन्द्र जायसवाल ने एक बार फिर से जीत हासिल कर बीजेपी आलाकमान को कमल की सौगात दी है। रविन्द्र जायसवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अब्दुल समद अंसारी को 45,502 वोटों के अंतर से हराया। रविन्द्र जायसवाल को1,16,017 और अब्दुल समद अंसारी को 70,515 वोट मिले हैं। रविन्द्र जायसवाल पर वोटों की बारिश से जो बाढ़ की स्थिति बनी उसमें उनके तमात विरोधी बह से गये। तीसरे स्थान पर बसपा के सुजीत कुमार मौर्य रहे। उन्हें 32,574 वोट मिले हैं। रविन्द्र जायसवाल ने लगातार दूसरी बार उत्तरी की सीट पर जीत हासिल की है। रविन्द्र जायसवाल के टिकट मिलने से लेकर उनकी जीत तक शंकाओं के बादल छाये हुए थे। पर बीजेपी ने उन्हें टिकट देकर एक बार फिर से दांव खेलने की सोची। रविन्द्र जायसवाल ने टिकट देने वालों को निराश नहीं किया और शानदार जीत अर्जित कर बीजेपी के सरकार बनाने के दावे को मजबूती दी। इधर दूसरे नंबर के प्रत्याशी अब्दुल समद अंसारी जो पहले समाजवादी पार्टी में थे गठबंधन के बाद उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की और पार्टी का सिंबल लिया। उन्हें यह विश्वास था कि उनकी पार्टी को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी दोनों का कैडर वोट मिलेगा और वे आसान जीत का मुंह देखेंगे। पर उनके इस सोच में बसपा के सुजीत कुमार मौर्या बड़े बाधक बने। इन्होंने अल्पसंख्यक वोट बांट लिये। जिसका नतीजा रहा कि रविन्द्र जायसवाल शहर उत्तरी में कमल खिलाने में कामयाब रहे। शहर उत्तरी में चौथे स्थान पर बीजेपी के बागी उम्मीदवार सुजीत सिंह टीका रहे। उन्हें जैसा की उम्मीद थी 1,957 वोट मिले।

रविन्द्र जायसवाल

45,502

वोटों के अंतर से विजयी हुए

रविन्द्र जायसवाल (भाजपा) 1,16,017

अब्दुल समद अंसारी (कांग्रेस सपा) 70,515

सुजीत कुमार मौर्या (बसपा) 32,574

सुजीत कुमार टीका(निर्दल) 1,957