-शहर में एनक्रोचमेंट के खिलाफ शुरू हुआ महाअभियान

-पहले दिन 30 स्थानों पर हुई कार्रवाई, ढहाए गए कच्चे-पक्के निर्माण

VARANASI

शहर में अतिक्रमण के खिलाफ महाअभियान की शुरुआत मंगलवार से हुई। पुलिस के साथ प्रशासन के अमला ने इसे सफल बनाने के लिए पूरा जोर लगा दिया। कई कच्चे-पक्के निर्माण ध्वस्त किये गये। हालांकि बड़ी कार्रवाई के बजाय घरों के चबूतरे और दुकानों के छज्जों को ही हटाने पर ज्यादा जोर रहा।

देर तक गरजा बुलडोजर

अतिक्रमण हटाने की शुरुआत अर्दली बाजार से 11 बजे हुई। अतिक्रमण विरोधी दस्ते में शामिल दो जेसीबी ने सड़क पर कब्जा जमाये दुकानों और मकानों को निशाना बनाना शुरू किया। इसके बाद दस्ता भोजूबीर चौराहा दूध सट्टी पहुंचा। यहां भी एनक्रोचमेंट पर मशीनों का हमला हुआ। ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दस्ता आगे बढ़ते हुए तहसील सदर चौराहा, गिलट बाजार से होकर मीरापुर बसहीं तक पहुंचा। सभी जगहों पर सड़क के दोनों किनारे सघन अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया गया। सुबह 11 से शाम 5 बजे तक अभियान चला।

हुई तोड़फोड़

अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत पहले दिन अस्थाई रूप से अतिक्रमण किये गए 30 स्थानों पर कार्रवाई की गयी। तोड़फोड़ के बाद दो डीसीएम में मलबा भरकर उन्हें हटाया गया। बहुत से लोगों ने खुद ही अपना अतिक्रमण हटा लिया। एनक्रोचमेंट हटाने वाली टीम में अपर नगर मजिस्ट्रेट चतुर्थ, एएसपी नीता यादव, जोनल अधिकारी नगर निगम प्रशांत वर्मा, कैंट, शिवपुर थाने की पुलिस के साथ टै्रफिक विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। यह अभियान 31 जनवरी तक चलेगा। अतिक्रमण हटाये जाने वाले स्थलों की वीडियोग्राफी की गयी है ताकि फिर से अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।