मीडिया और जनता के सहयोग से शहर में शांति व्यवस्था में मिला पूरा सहयोग

प्रशासन और पुलिस ने थपथपायी अपनी पीठ, प्रशासन की ओर से नहीं हुई कोई गलती

VARANASI

प्रशासन और पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती बनी दुर्गा पूजा और मोहर्रम जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करा लिया गया है। इसके लिए मंगलवार को कमिश्नरी सभागार में कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण ने मीडिया और जनता का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले त्योहार पर भी शांति व्यवस्था कायम रहेगी। उन्होंने कहा कि कभी-कभी ऐसे हालात हो जाते है कि कुछ कड़े फैसले लेने पड़ते है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मीडिया की वार्ता जनता के बीच खुद की छवि सुधारने की एक कोशिश रही। इस दौरान विसर्जन और मुहर्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन की पीठ भी थपथपाई। साथ ही अधिकारियों ने कहा कि उनकी ओर से किसी तरह की कोई गलती नहीं हुई है।

गणेश प्रतिमा के विसर्जन से लेकर शुरू हुआ बवाल पुलिस और प्रशासन की कमजोरी का नतीजा था। ख्ख् सितंबर को लाठी चार्ज के कारण ही पांच अक्टूबर को प्रतिकार यात्रा के दौरान उपद्रव हुआ। इस दौरान भी पुलिस और प्रशासन की कमजोरी सामने आयी थी। पूरा प्रकरण उपद्रवियों ने प्लैन कर रखा था। जिसे पुलिस भांप तक नहीं पायी थी। इसके बाद से दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनीं हुई थी। हालांकि इसे भी सूझबूझ से पूरा कर लिया गया।

इस बैठक में आईजी अमरेंद्र कुमार सेंगर, डीआईजी एसके भगत, डीएम राजमणि यादव, एसएसपी आकाश कुलहरी, नगर आयुक्त श्रीहरि प्रताप शाही मौजूद रहे।

नहीं होगी निर्दोष के खिलाफ कार्रवाई

पांच अक्टूबर के उपद्रव के आरोप में कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई। इसमें कई निर्दोष भी फंसे है। डीआईजी एसके भगत ने भरोसा दिलाया कि जिन निर्दोष को नामजद किया गया है जांच पूरी होने के बाद उन्हें छोड़ दिया जाएगा। उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। इसके लिए सभी के बयान और सबूत जुटाये जा रहे है। एसएसपी आकाश कुलहरि ने बाइक जलाये जाने के मामले में भरोसा दिलाया कि दोषी पाये जाने पर पुलिस कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा।

आने वाले त्योहार पर भी रहेगी शांति

डीआईजी एसके भगत ने मीडिया का बधाई देते हुए कहा कि कभी-कभी परिस्थिति ऐसी हो जाती है कि कड़ाई करनी पड़ती है लेकिन नीयत और नीति सही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाले त्योहार के दौरान भी कानून व्यवस्था सामान्य रहेगी। हालांकि इसके लिए जानता और मीडिया का सहयोग जरूरी है। अपेक्षा है कि देव दीपावली, दीपावली, छठपूजा भी उसी प्रकार सकुशल सम्पन्न हो जाये।

डीएम ने भी जताया आभार

काशी में शांति कायम रखने के लिए हर संभव कोशिश की जाएगी। गंगा जमुनी तहजीब कायम है इसके लिए मीडिया और जनता ने हमारा बहुत सहयोग किया।

जनता ने सही पक्ष को चुना

नगर आयुक्त श्रीहरि प्रताप शाही ने कहा कि इन परिस्थितियों में मीडिया की भूमिका बहुत अहम होती है। यहां पर मीडिया ने निष्पक्ष होकर बात सामने रखी, जिसकी देन थी कि प्रशासन ने सफलता पूर्वक दुर्गापूजा, मोहर्रम को संपन्न कराया है। वहीं जनता ने भी सही पक्ष को चुना।