- किराए का मकान दिलाने के बहाने आया था नजदीक, तमंचा व दो कारतूस बरामद

चितईपुर पुलिस ने बुधवार को प्रतापगढ़ में हेल्थ कर्मी से रंगदारी मांगने के आरोपी विवेक लूथरा को करौंदी पुलिया के पास गिरफ्तार कर लिया। लंका थाना के भगवानपुर निवासी आरोपी से 315 बोर का एक तमंचा व दो कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने शस्त्र अधिनियम के तहत भी उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक हेल्थ कर्मचारी का परिवार आदित्यनगर, करौंदी में रहता है। आरोपी ने किराए का मकान खोजवाने में हेल्थ कर्मी की मदद की थी। इसके बाद आरोपी उनसे नजदीकी बढ़ाने लगा और विश्वास में लेकर धीरे-धीरे हेल्थ कर्मी के कुछ जरूरी दस्तावेज अपने पास रख लिए। जब उसने अपने दस्तावेज मांगे तो आरोपी ने उन्हें डराने-धमकाने के साथ ही दस्तावेज वापस करने के बदले पांच लाख की रंगदारी मांगी। इससे भयभीत हेल्थ कर्मी ने 27 अगस्त को तहरीर दी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर विवेक की तलाश में जुटी। इस बीच चितईपुर चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह ने सूचना के आधार पर पर उसे दबोच लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी पैसे के लिए आपराधिक घटनाओं के साथ छोटे दुकानदारों से रंगदारी वसूलता है।