-अकीदत और उल्लास के साथ मनी बकरीद, अल्लाह की राह में दी गयी कुर्बानी

-कड़ी सुरक्षा के बीच मस्जिदों और ईदगाहों में हुई बकरीद की विशेष नमाज, मांगी अमन व खुशहाली की दुआ

VARANASI : शहर के मुस्लिम बंधुओं ने मंगलवार को बकरीद का त्योहार पूरे उल्लास से मनाया। शहर की विभिन्न मस्जिदों व ईदगाहों में बकरीद की विशेष नमाज अदा की गई। नमाज के बाद मुल्क की तरक्की व खुशहाली के लिए दुआ मांगी। घर वापसी पर अल्लाह की राह में बकरे, भेड़, दुम्बे की कुर्बानी दी गयी। अलग अलग मस्जिदों में नमाज के लिए सुबह सात से दस बजे तक समय मुकर्रर था। नमाजी समय से पहले ही मस्जिद में पहुंच कर अपना स्थान पक्का करने की कोशिश में दिखे। नमाज अदा करने के लिए मस्जिदों में भारी भीड़ उमड़ी।

दिन भर चला मुबारकबाद का दौर

त्योहार की खुशियां सड़क पर सुबह से तारी रहीं। मुस्लिम बहुल इलाकों में लोग अलसुबह तैयार होकर मस्जिदों और ईदगाहों की ओर निकल पड़े। शानदार सफेद कुर्ते पायजामे और इत्र की खुशबू बिखेरते लोगों का रेला मस्जिदों की ओर बढ़ता रहा। विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में मौलानाओं ने नमाज अदा करायी। मस्जिद बैतुस्सलाम डेवढि़याबीर में काजी-ए-शहर मौलाना गुलाम यासीन, मस्जिद ज्ञानवापी में मौलाना अब्दुल आखिर नोमानी, ईदगाह पुराना पुल में मौलाना शकील अहमद, मस्जिद खुदा बख्श जायसी लंगड़े हाफिज में मौलाना जकीउल्लाह असदुल कादरी, मस्जिद दायम खां पुलिस लाइन चौराहा में मौलाना मुबारक हुसैन, ईदगाह महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में मुफ्ती शमीम अल हुसैनी, मस्जिद नवाब टोंक गिलट बाजार में मौलाना हारून रशीद नक्शबंदी, मस्जिद लाट सरैया में मौलाना जियाउर्रहमान, जामा मस्जिद नदेसर में मौलाना मजहरुल हक, ढाई कंगूरा मस्जिद चौहट्टा लाल खां में हाफिज नसीम अहमद बशीरी, मस्जिद खरबूजा शहीद में हाफिज शकील अहमद ने नमाज अदा करायी। अहले हदीस के मस्जिदों में महिलाओं ने नमाज अदा की। नमाज के बाद मुबारकबाद का सिलसिला जो शुरू हुआ वो देर तक जारी रहा।

भारी force की रही तैनाती

नमाज को सकुशल संपन्न कराने के लिए एडमिनिस्ट्रेशन ने खासे इंतजामात कर रखे थे। मस्जिदों के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस के जवान तैनात किये गये थे। बजरडीहा, शिवाला, गौरीगंज, मदनपुरा, रेवड़ी तालाब, दालमंडी, नई सड़क, जैतपुरा, बड़ी बाजार, कोयला बाजार, नदेसर आदि मस्जिदों में पुलिस फोर्स की भारी व्यवस्था की गयी थी।

कुर्बानी का गोश्त किया तक्सीम

घरों में महिलाएं तरह तरह के पकवान बनाने में दिन भर व्यस्त रहीं। तकरीबन हर घर में कुर्बानी हुई। इस्लामी परंपरा केअनुसार कुर्बानी के गोश्त का एक हिस्सा गरीबों में, एक हिस्सा अपने रिश्तेदारों में तथा एक हिस्सा अपने लिए रखा जा सकता है। लोगों ने इसी परंपरा को अमल करते हुए गोश्त के तीन हिस्से किये और रिश्तेदारों और गरीबों के यहां भिजवा कर परंपरा निभायी।

आज होगी ऊंट की कुर्बानी

अल्लाह की राह में बुधवार को शहर में तीन स्थानों पर ऊंट की कुर्बानी पेश की जाएगी। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के पंचपेड़वा, आदमपुरा थाना क्षेत्र के सलेमपुरा में व जैतपुरा थाना क्षेत्र के जलालुद्दीनपुरा में सुबह ऊंट की कुर्बानी दी जाएगी।