-शहर में रही करवा चौथ की धूम, सुहागिनों ने दिन भर रखा व्रत

-शाम को चंद्रदेव का दर्शन-पूजन कर निभायी पर्व की परंपरा

VARANASI

जन्म जन्मांतर तक पति का साथ रहने की कामना में शुक्रवार को सुहागिनों ने करवा चौथ का व्रत रखा। शाम को चंद्रदेव को अ‌र्घ्य देकर उन्होंने अपने संकल्प को पूरा किया। चंद्रमा के दर्शन के लिए हर छत पर महिलाओं का जमावड़ा शाम से लगने लगा था। हर कोई चांद की एक झलक देखने को बेताब था। बादलों की घेरेबंदी ने उन्हें थोड़ा इंतजार कराया पर जैसे ही चांद की झलक मिली महिलाओं ने चलनी की ओट से अपने पति का दर्शन कर व्रत का पारण किया।

दिन भर होती रही तैयारियां

अखंड सौभाग्य के लिए रखे जाने वाले व्रत के लिए महिलाओं की तैयारियों का जोर दिन भर दिखायी दिया। सुहागिन महिलाओं ने दिन भर निराहार व्रत रखा और शाम को स्नान किया। उसके बाद नये कपड़े, चूडि़यां, गहने आदि श्रृंगार से युक्त होकर चंद्र देव की पूजा कीं। पूजन के बाद चलनी के ओट में से अपने पति के दर्शन की मान्यता है। महिलाओं ने इस परंपरा को पूरी श्रद्धा के साथ निभाया। करवा चौथ के व्रत में करवा बदलने की भी परंपरा है। इसलिए अधिकतर महिलाएं गु्रप में इस पूजन का आयोजन करती हैं। महिला संगठनों, क्लबों में महिलाओं का जुटान हुआ। जहां उन्होंने पूरी श्रद्धा और उल्लास से पर्व की परंपरा का निवार्1ह किया।

हर हाथ सजी मेहंदी

नव विवाहित महिलाओं में तो करवा चौथ को लेकर कुछ अलग ही उत्साह देखने को मिला। वैसे तो अधिकतर महिलाएं मेहंदी से अपनी हथेलियां रचाती हैं लेकिन न्यूली मैरिड लेडीज में मेहंदी लगवाने और सजने सवंरने का कुछ अलग ही उत्साह रहा। मेहंदी लगाने वालों की खासी चांदी रही। महिलाओं ने अपने साम‌र्थ्य के अनुसार सोने, चांदी या फिर मिट्टी का करवा भर व्रत का संकल्प पूरा किया।