- अगले दो तीन दिन में अन्य 500 बेड पर एडमिट होंगे मरीज

- आर्मी और बीएचयू के डॉक्टर कर रहे देख-रेख

डिफेन्स रिसर्च एवं डेवलेपमेंट ऑर्गनाइजेशन (डीआरडीओ), सिविल एडमिनिस्ट्रेशन और इंडियन आर्मी के सहयोग से 16 दिन में बनकर तैयार हुए पद्मविभूषण पंडित राजन मिश्र कोविड हॉस्पिटल का सोमवार देर शाम संचालन शुरू हो गया। फिलहाल भर्ती प्रक्रिया 250 बेड के आईसीयू में हुई है। शाम सात बजे तक यहां अन्य अस्पतालों से रेफर किये गए 11 मरीजों को भर्ती किया गया। मौके पर पहुंचे डीएम कौशल राज शर्मा के मुताबिक आर्मी ने फैसला लिया है कि वो आईसीयू के 250 बेड का संचालन शुरू करेंगे, वैसा ही हुआ है। उन्होंने बताया कि डीआरडीओ के अधिकारियों द्वारा बहुत ही बेहतरीन तरीके से दिन रात मेहनत करके मात्र 16 दिन में वाराणसी में इतना बड़ा कोविड अस्पताल तैयार किया गया है और अब वो घड़ी आ गयी है, जब इसमें पेशेंट्स का एडमिशन शुरू होगा। बीते 24 घंटे में एक भी मिनट अधिकारियों ने चैन की सांस नहीं ली है। इसी के साथ आर्मी ने बहुत जल्दी मोबलाइजेशन करते हुए आर्मी मेडिकल कोर और मेजर जनरल की यहां नियुक्ति कर दी है।

पहले क्रिटिकल मरीजों की भर्ती

डीएम ने बताया कि 250 बेड के आईसीयू का संचालन शुरू कर दिया गया है। यहां एडमिशन शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि आर्मी के अनुसार पहले 250 बेड के क्रिटिकल केयर को शुरू किया जाएगा। शाम तक विभिन्न प्राइवेट और कोविड अस्पतालों से क्रिटिकल मरीजों का रेफर करवाकर यहां एडमिट किया गयौ। इसके अलावा बाहर से आने वाले लोगों को क्रिटिकल केयर यूनिट में एडमिट किया जाएगा।

अगले दो दिन में सभी बेड्स पर भर्ती

दो से तीन दिन में 500 ऑक्सीजन वाले बेडों को भी शुरू कर दिया जायेगा। डीएम बताया कि अस्पताल के लिए दवाइयां, मास्क, सेनेटाइजर, पीपीकिट आदि की व्यवस्था कर ली गयी है। 250 बेड के आईसीयू वार्ड में आर्मी के डॉक्टर्स होंगे। उसके बाद 500 बेड का अस्पताल पूरी तरह से बीएचयू के नìसग और पैरामेडिकल स्टाफ की देखरेख में रहेगा। यह अस्पताल फुल कैपसिटी पर काम करने लगेगा तो यहां 50-50 प्रतिशत मेडिकल स्टाफ बीएचयू और मिलेट्री का होगा।

परिजनों के लिये भी की गयी है व्यवस्था

कोविड हॉस्पिटल में मरीज के तीमारदारों के लिए शेड लगवाया गया है। डॉक्‌र्ट्स को पांच सीयूजी नंबर दिए गए हैं। डॉक्टर्स एक-एक घंटे सुबह और शाम सीयूजी नंबर के माध्यम से मरीज और परिजनों की बात करवाएंगे। डॉक्टर्स की ब्रीफिंग में मरीज के अटेंडेंट मौजूद रहेंगे। इसके अलावा सेवा भारती के सहयोग से रहने की व्यवस्था भी की गयी है। साथ ही भोजन की व्यवस्था निशुल्क कराई जायेगी।

तीसरी लहर की तैयारी शुरू

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा निर्देश पर थर्ड वेब की तैयारी शुरू कर दी है। सभी व्यवस्थाएं शहरी क्षेत्र में लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। अब ऑक्सीजन की ग्रामीण अंचलों में दिक्कत दूर करने के लिए सीएचसी में ऑक्सीजन प्लांट के लिए कार्य करना होगा। इसके अलावा बच्चों के बेड की व्यवस्था की जा रही है।

कौशल राज शर्मा, डीएम, वाराणसी