वाराणसी (ब्यूरो)बदलते दौर और बदले राजनीतिक माहौल में दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की टीम ने सोमवार को विभिन्न दलों के दफ्तरों का माहौल जानने की कोशिश की तो चुनावी लहर जैसी तस्वीर सामने नहीं आयी। हालांकि राजनीतिक गतिविधियां जरूर दिखीं, लेकिन पुरानी वाली बात नहीं दिखी। इसकी सबसे बड़ी वजह अभी तक बनारस में किसी भी प्रमुख दलों की ओर से प्रत्याशी घोषित नहीं होना और अंतिम फेज में चुनाव होना माना जा रहा है।

सीन-1
दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की टीम सोमवार दोपहर करीब 12 बजे अर्दली बाजार स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पहुंची। वहां प्रकोष्ठ की बैठक को लेकर तैयारी चल रही थी। बैनर लगाए जा रहे थे, लेकिन विधानसभा चुनाव में दावेदारी को लेकर कोई मूवमेंट नहीं दिखा। बातचीत में कार्यालय प्रभारी विनोद शुक्ला बताते हैं कि एक-दो दिन के अंतराल पर जिलाध्यक्ष सुजीत यादव या महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा जरूर आते हैं। अभी प्रत्याशियों की घोषणा नहीं हुई है। दावेदार भी लखनऊ कार्यालय के चक्कर लगाते हैं। इसलिए चुनावी माहौल नहीं दिख रहा है।

सीन-2
अर्दली बाजार के बाद टीम मैदागिन स्थित कांग्रेस दफ्तर पहुंची, जहां गहमा-गहमी दिखी। जानकारी करने पर पता चला कि पूर्व सांसद रंजीत रंजन आई हुई हैं और मीडिया से बातचीत कर रही हैं। बातचीत में वहां मौजूद कार्यालय प्रभारी किशन यादव ने बताया कि आज तो भीड़ है। हर दिन ऐसी स्थिति नहीं रहती है। पहले तो अक्सर कार्यक्रम होते थे। पदाधिकारी भी आते थे। टिकट के दावेदार भी अक्सर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते थे। पार्टी के बड़े नेता भी आते थे तो चुनावी माहौल ही होता था। फिलहाल शहर की सीट के प्रत्याशियों की घोषणा होने के बाद हर दिन यही माहौल होगा।

सीन-3
टीम रोहनियां स्थित भाजपा कार्यालय पहुंची। जहां पार्टी के पदाधिकारी भी दिखे। तीन मंजिला व कई कमरे होने के कारण पदाधिकारियों की संख्या कम समझ में आ रही थी। पार्टी के वॉर रूम में चार लोग कम्प्यूटर पर बैठकर अपने वर्क को अंजाम दे रहे थे। बूथ से लेकर जिला तक चुनाव कार्यक्रम को पहुंचाने के लिए आम कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जा रहा था। काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि चुनावी की तैयारी जोरों पर चल रही है। जिला व काशी क्षेत्र के चुनाव संचालन समिति की बैठक लगातार चल रही है। कार्यक्रम की सूचना आम कार्यकर्ताओं तक पहुंचाई जा रही है।

सीन-4
रोहनियां के बाद टीम अशोक विहार स्थित बसपा कार्यालय पहुंची, जहां पार्टी के जिलाध्यक्ष समेत कई युवा नेता दिखे। चुनाव व प्रत्याशियों के चयन को लेकर मंथन चल रहा था, लेकिन भीड़ नहीं थी। बातचीत में जिलाध्यक्ष राजेश भारती ने बताया कि हमारे दफ्तर में जब कोई बड़ा पदाधिकारी या कोआर्डिनेटर आते हैं तो कार्यकर्ताओं की भीड़ होती है, लेकिन चुनाव व उम्मीदवारों का चयन लखनऊ में बहन जी के यहां होता है। दो-तीन दिन में प्रत्याशियों की घोषणा हो जाएगी। इसके बाद चुनावी गतिविधियां इसी कार्यालय से संचालित होंगी।

सीन-5
अशोक विहार के बाद टीम सामने घाट स्थित मौलिक अधिकार पार्टी के कैम्प कार्यालय पहुंची, जहां प्रदेश अध्यक्ष अपनी टीम के साथ चुनावी मंथन कर रहे थे। बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष संतोष विश्वकर्मा ने बताया कि दिनभर सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली समेत प्रदेशभर से पार्टी के पदाधिकारियों के आने का क्रम रहता है। हमारी पार्टी 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। तीन दिन पहले 28 प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी की गयी है। बाकी प्रत्याशियों के चयन पर मंथन चल रहा है। वह भी जल्द ही जारी होगी।