-चिलचिलाती धूप के साथ बढ़ी उमस

-बढ़ते तापमान के साथ बिजली कटौती कर रही परेशान, लोगों का जीना हुआ मुहाल

- सात जून के बाद मौसम में बदलाव संभव, बूंदा बांदी की संभावना

गर्मी अब अपना असली रूप दिखा रही है। शहर में गत दिनों की बारिश के बाद उमस का प्रकोप बढ़ गया है। अब पारा दिन-ब-दिन चढ़ता ही जा रहा है। बदन झुलसाने वाली धूप और उमस से हर कोई बेहाल है। भले ही अभी लॉकडाउन लगा हुआ है, फिर भी धूप से बचने के लिए लोग दिन चढ़ते ही घर में दुबक जा रहे हैं। जिनकी मजबूरी है वहीं बाहर निकल रहे हैं। जो निकल भी रहे तो वे गर्मी से बचने के पूरे इंतजाम के साथ निकल रहे हैं। इधर, शुक्रवार को शहर को तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा। समस्या यहीं नहीं खत्म हुई पिछले कई दिनों से जारी बिजली की आवाजाही सोमवार को भी यथावत रही। इस बिजली कटौती ने जले पर नमक छिड़कने जैसे काम किया। ऐसे में यह गर्मी लोगों की सेहत पर भी भारी पड़ रही है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो इस बार पहले जैसी गर्मी नहीं है। इस वक्त हर साल इस मौसम में तापमान 41-42 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच जाता था। हालांकि फिर भी लोगों को अभी ज्यादा गर्मी दिखाई दे रही है।

उमस ने किया परेशान

मौसम वैज्ञानिक प्रो। एसएन पांडेय के मुताबिक अभी गर्मी इसी तरह परेशान करेगी। शुक्रवार को रोज की तुलना में गर्मी तो उतनी नहीं थी, लेकिन उमस की वजह से लोगों को ज्यादा गर्मी का आभास हो रहा है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस तथा मिनिमम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो कि गुरुवार की तुलना में एक डिग्री ज्यादा था। वहीं ह्यूमिडिटी बढ़ने से गर्मी का एहसास कुछ ज्यादा ही हो रहा है।

पछुआ हवा ने बढ़ाई परेशानी

मौसम विभाग की मानें तो बनारस समेत पूर्वाचल व पूरा प्रदेश ताप लहर की चपेट में है। पछुआ हवा आग तरह चल रही है। जिसकी वजह से हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अभी मौसम ऐसा ही बना रहेगा। मौसम में बदलाव के संकेत नहीं हैं। हां सात जून के बाद कुछ बूंदा बांदी हो सकती है। फिलहाल अभी दो तीन दिन गर्मी के साथ हृयूमिडिटी बनी रहेगी।