- बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस ने चार को किया अरेस्ट

लंका पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है जबकि भागने में सफल हो गए। गिरफ्तार युवकों के पास से चोरी की सात बाइक बरामद हुई है। आरोपित बाइक चोरी कर जजेज गेस्ट हाउस के पास झाडि़यों में छिपाकर रखते थे। मौका देखकर यहां से चुराई बाइकें बिहार में बेच आते थे।

भीड़भाड़ से चुराते थे बाइक

लंका पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी की बाइक लेकर मलहिया ईटा मंडी के रास्ते बेचने के लिए बिहार जा रहे हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक लंका महेश पांडेय पुलिस बल के साथ मलहिया ईट मंडी के पास चोरों का इंतजार करने लगे। कुछ ही समय बाद मदरवां की तरफ से तीन मोटर साइकिल पर सवार चार लोग आते दिखाई दिये। उन्हें रुकने का इशारा किया तो भागने लगे। पुलिस ने दौड़ाकर उन्हें पकड़ लिया। इन लोगों के कब्जे से चोरी की तीन बाइकें बरामद हुईं। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया कि आठ बदमाशों का गैंग है। गैंग के सदस्य जनपद में घूम-घूमकर मौका देखकर गाडि़यों की चोरी कर बिहार ले जाकर बेच देते हैं। इन लोगों ने चार और बाइक के बारे में जानकारी दी। ये बाइक भगवानपुर में जजेज गेस्ट हाउस के पास झाडि़यों में छिपाकर खड़ी की गई थीं। आरोपितों की निशानदेही पर चारों बाइकें बरामद कर ली गईं। गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में अपना नाम अजय साहनी निवासी मदरवा थाना लंका, दिनेश साहनी निवासी मारुतिनगर कालोनी थाना लंका, प्रद्युमन राजभर निवासी शिवाजी नगर कालोनी थाना लंका और शिवाकान्त पांडेय पुत्र विगाऊ पांडेय निवासी मदनपुरा थाना सोनहल जिला कैमूर बिहार बताया। वहीं हरिओम, संदीप, गोलू और मनोज की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।