- वीवीआईपी के आने पर पुलिस के स्मार्ट पहनावे के लिए दिया गया था

- तीन दिन में वापस लौटाने का दिया गया फरमान

वर्ष 2019 में आयोजित प्रवासी भारतीय सम्मेलन के दौरान पुलिसकíमयों को दिया गया ब्लेजर कहां है? इसका पता अब लगाया जा रहा है। पुलिसकर्मियों से अब वह ब्लेजर वापस मांगे जा रहे हैं। हालात यह है कि ढाई साल पहले पुलिसकर्मियों को मिले ब्लेजर याद भी नहीं हैं। ऐसे में यह ब्लेजर उनके लिए अब गले की फांस बन गए हैं। अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय-स्टाफ ऑफिसर-अभिसूचना ने तीन दिनों के अंदर ब्लेजर को वापस मांगा है। ब्लेजर वापस नहीं किया तो वेतन काटकर भरपाई की जाएगी।

300 पुलिसकर्मियों को बांटा गया

वाराणसी में 21 से 23 जनवरी 2019 तक प्रवासी भारतीय सम्मेलन का आयोजन किया गया था। दुनिया भर से आने वाले प्रवासी भारतीयों के सामने उत्तर प्रदेश पुलिस की अच्छी छवि बने, इसके मद्देनजर 300 पुलिसकíमयों को सूट-बूट और टाई पहनाकर जेंटलमैन कॉप्स के तौर पर ड्यूटी में तैनात किया गया था। इन पुलिसकíमयों को अच्छे तरीके से बातचीत और व्यवहार के लिए प्रशिक्षण भी दिया गया था। इन्हीं पुलिसकíमयों मे से कई की ड्यूटी सूट-बूट में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी आगमन के दौरान भी लगाई जाती थी। कमिश्नरेट बनने के बाद एक-एक बिंदु की बारीकी से जांच की जा रही है। इसी बीच ढाई साल पहले दिए गए उसी सूट-बूट को अब कमिश्नरेट पुलिस ढूंढ रही है।

पुलिस लाइन में करना है जमा

अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय आदित्य लांग्हे की ओर से पुलिस लाइन के प्रतिसार निरीक्षक को जारी किए गए निर्देश में लिखा गया है कि वाराणसी में आए दिन वीआईपी और वीवीआईपी का आगमन होता रहता है। उस दौरान सादे कपड़े में पुलिसकíमयों की ड्यूटी लगाई जाती है। इसे देखते हुए वर्ष 2019 में जिन भी पुलिसकíमयों को ब्लेजर दिया गया था उनसे 3 दिन में उसे लेकर पुलिस लाइन में जमा करा लिया जाएं, ताकि वीआईपी और वीवीआईपी के आगमन के दौरान सादे कपड़ों में तैनात होने वाले पुलिसकर्मी स्मार्ट लुक में दिखें।

अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय के निर्देश के क्रम में प्रतिसार निरीक्षक की ओर से भी सिपाहियों और दरोगाओं के लिए निर्देश जारी कर दिया गया है कि वह 3 दिन में ब्लेजर जमा करें। ब्लेजर जमा नहीं किया, तो उनकी तनख्वाह से ब्लेजर की कीमत काट ली जाएगी।

कोट-

प्रवासी भारतीय सम्मेलन के आयोजन में करीब तीन सौ पुलिसकर्मियों को ब्लेजर दिया गया था। उन्होंने वे अभी तक वापस नहीं किए हैं। सभी से ब्लेजर वापस मांगा गया है।

आदित्य लांग्हें

अपर पुलिस उपायुक्त, मुख्यालय/स्टाफ ऑफिसर/अभिसूचना,

कमिश्नरेट वाराणसी