-चकिया के महादेवपुर कला गांव का मामला

- प्रशासन पर ग्रामीणों ने दबंगों की शह पर मतदान केंद्र बदलने का लगाया आरोप

चकिया (चंदौली) : मतदान केंद्र बदले जाने की खबर पर ग्रामीण मतदाता एकजुट हो गए। प्रशासन पर आरोप लगाया कि दंबगों की शह पर दलितों को मतदान से दूर किया जा रहा है। मामला महादेवपुर कला ग्राम पंचायत का है। रविवार को ग्रामीणों ने गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में बैठक कर मतदान केंद्र बदलने का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया।

बना है नया ग्राम पंचायत

चकिया विकास क्षेत्र के रघुनाथपुर ग्राम पंचायत से कटकर महादेवपुर कला गांव को नया ग्राम पंचायत घोषित किया गया है। पिछले वर्ष महादेवपुर कला को नये ग्राम पंचायत के रूप में मतदान हुआ। उक्त ग्राम पंचायत में महादेवपुर कला व प्रेमापुर राजस्व गांव है। ग्रामीणों का कहना है कि जब से यहां प्राथमिक विद्यालय की स्थापना हुई है तभी से लोक सभा, विधान सभा के लिए यहां मतदान केंद्र बनता चला आ रहा है। नए ग्राम पंचायत बनने के बाद ग्राम प्रधान व बीडीसी के चुनाव के लिए यही प्राथमिक विद्यालय मतदान केंद्र बना था। गांव की अधिकांश आबादी दलित बाहुल्य है। गांव के राम आशीष, रामाश्रय कुमार, राजेन्द्र, यशवंत, मनोज त्यागी, बृजेश, महेन्द्र, बोदा, सुदामा, गया प्रसाद, सुख्खु, महिमा, शिवधनी, दुलारे, रामयज्ञा, विजई पाल, रामनिवास, रामू आदि ने बताया कि गांव की आबादी करीब 6 सौ है। मेहनतकश बस्ती के लोगों को मतदान करने के लिए ज्यादा दूरी तय नहीं करनी पड़ती है। गरीब तबका होने के चलते अन्य गांव में मतदान करने में दबंगों द्वारा धमकी व व्यवधान उत्पन्न किया जाता है।

दूर हुआ केंद्र तो करेंगे आंदोलन

गत प्रधानी के चुनाव में दबंगों ने दलितों को वोट देने से रोकने का प्रयास किया था। इस पर अ‌र्द्धसैनिक बल के जवान मौके पर पहुंचकर दलितों को मतदान कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए थे। आरोप लगाया कि इससे खार खाए कुछ दबंग दलित वर्ग के लोगों को मतदान से वंचित करने के लिए यहां के मतदान केंद्र को हटवाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि ऐसा होता है तो कमजोर तबका लोकतंत्र में अपनी भागीदारी नहीं निभा पाएगा। चेतावनी दिया कि यदि मतदान केंद्र बदला गया तो ग्रामीण उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे।