- जुलाई महीने में मई जैसी पड़ रही गर्मी

-जहां था वहीं थमा है मानसून, दो दिन में बारिश होने की संभावना

38.2

डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान

26.8

डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया न्यूनतम तापमान

भले ही मानसून अपने तय समय से पहले आ गया हो, लेकिन लोगों को गर्मी से राहत अभी भी पूरी तरह से मिल नहीं पा रही है। पिछले सप्ताह तक जहां पूर्वांचल में मौसम का रुख लगातार बदलाव की ओर था, वहीं अब यह मौसम स्थिर हो गया है। इधर एक सप्ताह से बारिश न होने की वजह से लोगों को जुलाई के महीने में मई-जून जैसी भीषण गर्मी की मार झेलनी पड़ रही है। बारिश थमने से जहां भीषण गर्मी बढ़ गई है, वहीं आग रूपी धूप और उमस अपना विकराल रूप दिखा रहे हैं। उमस के मारे पब्लिक पसीने-पसीने हो रही है।

घरों में पंखा तो छोडि़ए कूलर से भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है। ऐसे मौसम में सिर्फ एसी ही ऐसा यंत्र है जिससे लोगों को राहत मिल रही है, मगर यह व्यवस्था हर किसी के पास न होने से हर कोई उमस भरी गर्मी को झेलने को मजबूर है। पिछले कई दिनों से शहर में ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। इसकी वजह से घट रहे तापमान में अचानक से बढ़ोतरी हो गई।

बदलेगा मौसम तो मिलेगी राहत

मौसम वैज्ञानियों की मानें तो 19 जून से मानसून जहां था वहीं रूका हुआ है। इसकी वजह से बारिश हो नहीं पा रही है। पछुआ हवा चल रही है। जिसके चलते गर्मी ज्यादा महसूस हो रहा है। हालांकि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब जुलाई के माह में ऐसी स्थिति बनी हो। इससे पहले भी मौसम ने ऐसे ही लोगों को रुलाया है। हालांकि अब हवा ने रूख बदलना शुरू किया है। मौसम वैज्ञानी एसएन पांडेय का कहना हैं कि जल्द ही मौसम फिर बदलेगा। बंगाल की खाड़ी से हवा चली है, जिसका असर बंगाल और बिहार में देखने को मिल रहा है। वहां के इलाकों में बारिश हो रही है। उम्मीद जताई जा रही हैं कि एक-दो दिन में यहां भी बारिश होगी। इससे लोगों को राहत मिलेगी।

38.2 डिग्री तक रहा तापमान

माना जा रहा है कि वातावरण में पर्याप्त नमी और लोकल हीटिंग का असर हुआ है। मानसूनी बादलों की सक्रियता का असर कम होने से ही तापमान में बीते दो दिनों में इजाफा हुआ है। बीते चौबीस घंटों में अधिकतम 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं, न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। वहीं आद्रता 70 परसेंट के करीब रही।

लू रूपी चलती रही हवाएं

तापमान बढ़ने की वजह से शाम होने के बाद लू रूपी हवाएं चलने लगी। भले ही देर शाम में तापमान 33 डिग्री के करीब हो गया, लेकिन लोगों को गर्मी का एहसास 39 डिग्री के बराबर हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक गर्म हवाएं चलने की वजह से लोगों को गर्मी का एहसास ज्यादा हो रहा था। वहीं रात के समय उमस इतनी ज्यादा बढ़ गई कि लोग घरों से बाहर भी चैन की सांस नहीं ले पा रहे थे। सबसे ज्यादा बच्चे और बुजुर्ग इस गर्मी से परेशान हो रहे हैं।