- भाजपा कार्यकर्ताओं ने घाटों पर चलाया महासफाई अभियान

- एक साथ सभी घाटों पर हुई साफ-सफाई, सामाजिक संस्थाओं के साथ शहरवासियों ने किया सपोर्ट

VARANASI :

गंगा को आमजन से जोड़ने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को घाट सफाई महाअभियान चलाया। कार्यकर्ताओं ने एक साथ सभी घाटों पर झाड़ू लगाया। सामाजिक संस्थाओं के साथ शहरवासियों ने भी इस नेक काम में कंधे से कंधा मिलाया।

एक साथ शुरू हुई सफाई

क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य के निर्देश पर सुबह आठ से क्क् बजे तक अभियान चलना था। उत्साहित कार्यकर्ता सुबह सात बजे ही घाटों पर जुटने लगे थे। हाथ में झाड़ू, फावड़ा लिए घाटों की सीढि़यों और प्लेटफॉर्मो की सफाई में जुट गए। वहां जमीं गंदगी हो हटाने के साथ घास-फूस काटा। कूड़े को उठाकर घाट से दूर किया। रविदास घाट, अस्सी घाट, तुलसी घाट, दशाश्वमेध घाट, आरपी घाट, भैंसासुर घाट समेत सभी घाटों पर सफाई चलती रही। महाश्मशान मणिकर्णिका घाट व हरिश्चंद्र घाट की सफाई का विशेष ध्यान दिया गया। कूड़े को पॉलीथिन बैग में भरकर निस्तारित किया गया। सफाई अभियान तीन घंटे तक चलना था लेकिन दो घंटे में ही खत्म हो गया। कार्यक्रम की निगरानी के लिए प्रदेश के महामंत्री रमापति राम शास्त्री व प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल मौजूद थे। उन्होंने स्टीमर पर सवार होकर गंगा घाटों की सफाई का हाल जाना। सफाई अभियान में महापौर रामगोपाल मोहले, विधायक दादा श्यामदेव राय, चौधरी, रवींद्र जायसवाल, एमएलसी व क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य, क्षेत्रीय संगठन मंत्री चंद्रशेखर, जिलाध्यक्ष नागेंद्र सिंह रघुवंशी, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, वरिष्ठ नेता डॉ। दयाशंकर मिश्र, अशोक धवन, अशोक पांडेय आदि मौजूद रहे। इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं द्वारा वीडियो रिकॉर्डिग भी की गई। इसे डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को भेजा जाएगा।

हर किसी का रहा सहयोग

घाटों की सफाई में संस्थाओं ने भी सहयोग दिया। कोचिंग संस्थानों ने महानिर्वाणी घाट की सफाई की। इसमें अल्फा ट्यूटोरियल्स, फिट जेईई ने अहम भूमिका निभाई। इस दौरान निदेशकों में एसके तिवारी, चंद्रेश्वर नाथ शुक्ल, आदित्य तिवारी, अम्बुज पाण्डेय, विनोद सिंह आदि मौजूद रहे। इसके अलावा द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंडेंट्स ऑफ इंडिया, उत्तर क्षेत्र बाज खेड़ावाल गुजराती समाज, भारत विकास परिषद वाराणसी सिटी समेत अन्य संस्थाओं ने भी साफ-सफाई के इस अभियान में सहयोग किया।