- पुलिस ने दोनों स्टूडेंट्स के शव कब्जे में लिए, स्कूटी सवार लोगों का नहीं चल पाया पता

ROORKEE: सिविल लाइंस में जामुन रोड पर एक बुलेट और स्कूटी की भिड़ंत हो गई। हादसे में बुलेट सवार दो स्टूडेंट्स की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस को स्कूटी सवार लोगों के बारे में अभी तक जानकारी नहीं मिल पाई है।

जामुन रोड पर हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के डबल फाटक निवासी संजय ट्रांसपोर्ट कारोबारी हैं। उनका बेटा रक्षित शहर के एक स्कूल में 12वीं कक्षा का स्टूडेंट है। वहीं सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के सोलानीपुरम निवासी राजीव की अनाज मंडी में परचून की दुकान है। राजीव का बेटा प्रणव भी रक्षित के साथ उसी स्कूल में इंटर का स्टूडेंट है। रविवार को दोनों बुलेट से ट्यूशन पढ़ने जा रहे थे। जामुन रोड पर बुलेट की स्कूटी से टक्कर हो गई और बुलेट पेड़ से टकरा गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में बुलेट सवार दोनों स्टूडेंट गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने रक्षित और प्रणव को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लिए हैं। पुलिस को अभी तक स्कूटी सवार लोगों के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि स्कूटी सवार लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।