देहरादून ब्यूरो। थाना नगर कोतवाली पुलिस के अनुसार नशामुक्त देवभूमि अभियान के तहत थाना नगर कोतवाली में एक पुलिस टीम का गठन किया गया है। यह टीम लगातार नशा तस्करी को रोकने के लिए अभियान चला रही है। संडे रात को पुलिस टीम इन्द्रा कालोनी के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 1 किलो 20 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

सहारनपुर से लाया था चरस
पुलिस के अनुसार पकड़े गये व्यक्ति की पहचान अखलाक पुत्र इस्लाम, निवासी ग्राम गोपाली, थाना देवबंद, सहानपुर के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वह देवबंद से चरस लेकर आया था। देहरादून में वह कुछ लोगों को ऊंचे दामों में चरस बेचने जा रहा था। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास के बारे में जानने का प्रयास कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह पहले भी नशा तस्करी के मामलों में शामिल रहा है या नहीं।

अब सहारनपुर से भी चरस
यूपी के आसपास के शहर दून में नशा तस्करी के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं। आमतौर पर दून में यूपी के बरेली और सहारनपुर से स्मैक के तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं। सहानरपुर जिले के विभिन्न शहरों से दून में नशे की दवाइयां और इंजेक्शन की तस्करी के मामले भी पकड़े जाते रहे हैं, लेकिन इस बार सहारनपुर से चरस की तस्करी भी सामने आई है। आमतौर पर अब तक दून में गढ़वाल और कुमाऊं के विभिन्न जिलों के अलावा नेपाल से भी चरस की तस्करी होती रही है। सहारनपुर से चरस तस्करी के मामला सामने आने के बाद अब यह बात साफ हो चुकी है कि दून में विभिन्न तरह के नशे की तस्करी के लिए सहारनपुर बेस कैंप बन रहा है।

दो दिन पहले भी पकड़ी थी चरस
दून पुलिस ने दो दिन पहले 17 मार्च को भी करीब 17 लाख रुपये की चरस पकड़ी थी। लेकिन यह चरस दून सिटी में नहीं पकड़ी गई थी। चरस को दून लाने का प्रयास कर रहे नेपाली नागरिक को त्यूनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इस तस्कर से 3 किलो 560 ग्राम चरस बरामद की गई थी। हालांकि दून सहित राज्यभर में पुलिस 2025 तक नशामु़क्त देवभूमि अभियान चला रही है। लगभग हर रोज कहीं न कहीं नशा पकड़ा जा रहा है। इसके बावजूद तस्कर लगातार दून में ड्रग्स सप्लाई करने का प्रयास कर रहे हैं।

-----
नशे के खिलाफ दून में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। लाखों रुपये का नशा जब्त किया जा रहा है और नशे के तस्कर और पैडलर्स की गिरफ्तारियां हो रही हैं। यह अभियान दून में लगातार चलाया जाएगा। पुलिस 2025 तक राज्य को नशामुक्त करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
दिलीप कुंवर
एसएसपी, देहरादून